बरेली। जनपद के थाना इज्जतनगर मे गोकशी की वारदात के बाद जिले भर मे गोमांस तस्करों का सत्यापन और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान सोमवार रात 16 गोमांस तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जिनमे दो भोजीपुरा मे मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किए गए। बाकी 14 तस्करों के कब्जे से 12 तमंचा-कारतूस और दो चाकू बरामद हुए है। भोजीपुरा पुलिस के अनुसार सोमवार रात करीब 1:40 बजे गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पूर्व से पंजीकृत गोवध अधिनियम व आर्म्स एक्ट के मुकदमों में वांछित अभियुक्त शकील उर्फ मूंछ निवासी धौराटांडा अपने साथियों के साथ मझौआ गंगापुर के जंगल मे गोकशी की फिराक मे मौजूद है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चेतावनी दी तो तस्करों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें एक गोली सिपाही विपिन के बाजू को छूते हुए निकल गई। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई मे शकील उर्फ मूंछ के दाहिने पैर तथा उसके साथी सलीम उर्फ कालिया निवासी ग्राम भूड़ा के बाएं पैर मे गोली लग गई। दोनों को मौके से गिरफ्तार कर उपचार कराने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस ने दोनों तस्करों के कब्जे से दो अवैध तमंचा, दो खोखा, दो कारतूस तथा गोकशी के उपकरण बरामद किए है। उनके अन्य साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त पूर्व मे दर्ज मुकदमों में वांछित थे। सलीम उर्फ कलिया के पर 12 और शकील पर आठ मुकदमे पहले से दर्ज है। इसके अलावा जनपद के अन्य थानों मे भी सोमवार रात गोकशी मे लिप्त अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। मीरगंज पुलिस ने तमंचे के साथ इंद्रमोहन उर्फ इंद्रपाल, बारादरी पुलिस ने हजियापुर के जीशान उर्फ भूरा को गिरफ्तार किया है। उससे भी तमंचा कारतूस बरामद हुआ है। शाही पुलिस ने तमंचा-कारतूस के साथ चकदहा निवासी इब्राहिम, देवरनिया पुलिस ने दो चाकू के साथ मोहनपुर के राशिद व कठर्रा ढाल के मोहम्मद फहीम को गिरफ्तार किया है। कठर्रा के नईम को भी तमंचा-कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है। हाफिजगंज पुलिस ने लभेड़ा के मो. इस्लाम, बहेड़ी पुलिस ने जोखनपुर के नदीम, अब्बासनगर के अफसर, परोही के नईम खां और सकरस के मो. फारुख खां को गिरफ्तार किया है। इन चारों के कब्जे से भी तमंचा-कारतूस बरामद किए गए हैं। क्योलड़िया मे मधूनगला के इशाक व मरगापुर मरगइया के त्रिवेणी उर्फ गंठा और फतेहगंज पश्चिमी मे मोहल्ला सराय के अरबाज को भी तमंचा-कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है। इन सभी पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।।
बरेली से कपिल यादव
