बरेली / देहात। थाना शाही के गांव दुनका और फिरोजपुर मे होली पर जुलूस निकला। दुनका मे तिलाहाड़ी का जुलूस बड़े उत्साह के साथ निकाला गया। यह जुलूस गुरुवार की शाम तक चलता रहा। जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के गांवों के लोग शामिल हुए। जुलूस पारंपरिक मार्गों से होकर गुजरा, जिन रास्तों से हर वर्ष आयोजन होता है। इस दौरान देवी देवताओं की आकर्षक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। डीजे और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ श्रद्धालु पूरे उत्साह से जुलूस मे शामिल हुए। जुलूस को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की और से कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। एसडीएम आलोक कुमार, सीओ अजय कुमार, सीओ बहेड़ी सहित कई थानों की पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी मे यह जुलूस शांतिपूर्वक और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। इस दौरान शाही क्षेत्र के ग्रामीणों के साथ कई कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। वही मीरगंज कोतवाली मे क्षेत्र मे होली का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग संपन्न कराने के वाद पुलिसकर्मियों ने गुरुवार को जश्न मनाया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर सहित समस्त स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कोतवाली परिसर का माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया। इस दौरान सभी ने एक-दूसरे को अवीर-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दी। इसके अलावा गांव देहात मे भी होली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। सेंथल में मुस्लिम समुदाय ने पुष्पवर्षा कर पेश की एकता की मिसाल: सेंथल मे होली के त्योहार पर रंग खेलने के बाद जब हिंदू समुदाय के लोग आखत डालने पहुंचे तो मुस्लिम समुदाय के युवाओं ने फूलों की वर्षा कर उनका स्वागत किया और गले लगाकर होली की बधाई दी। यह दृश्य कस्बे मे दोनों समुदायों के बीच गहरे भाईचारे को दर्शाता है। इस वर्ष रमजान और होली एक ही माह मे पड़ने से पर्व का आनद दोगुना हो गया है। जो कस्बे मे एकता और भाईचारे की भावना को और मजबूत करता है। करया निवासी इम्तियाज रजवी ने बताया कि रमजान और होली का एक साथ आना एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों द्वारा सौंपी गई सामाजिक सद्भावना की विरासत को बनाए रखने की जिम्मेदारी युवाओं पर है। इस अवसर पर शाहिद नबी, इम्तियाज रजवी, कंबर एजाज शानू, सरफराज इदरीसी और अकरम खान सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे। हर्षोल्लास के साथ निकला होली का जुलूस: नवाबगंज। रंगों का पर्व होली नगर मे पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। बुधबार दोपहर नगर मे हुरियारों का पारंपरिक जुलूस निकाला गया जो विभिन्न मार्गों से होकर गुजरते हुए शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। जुलूस के सकुशल संपन्न होने के बाद पुलिस प्रशासन ने भी राहत की सांस ली। बाबू राम धर्मशाला से दोपहर बाद होली का जुलूस शुरू हुआ। होली समिति के अध्यक्ष राजीव गुप्ता के नेतृत्व मे निकला। यह जुलूस कस्बे के मुख्य बाजार से होते हुए कचहरी रोड से होते हुए कबाड़खाना रोड होकर पुनः बाबू राम धर्मशाला पहुंचकर समाप्त हुआ। जुलूस मे शामिल युवक ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए एक-दूसरे पर रंग और गुलाल उड़ाते चल रहे थे। जुलूस में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि नीरेंद्र सिंह गुप्ता, नंदकिशोर श्रीवास्तव, अनिल गंगवार, हरपाल सिंह गंगवार सहित बड़ी संख्या मे नगरवासी शामिल रहे। होली के जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए कोतवाली पुलिस भारी फोर्स के साथ मौजूद रही। इससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका।पुलिसकर्मियों ने भी मनाई होली, किया डांस: होली का पर्व शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद गुरुवार को कोतवाली परिसर मे पुलिसकर्मियों ने भी एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली मनाई। कोतवाल अरुण कुमार श्रीवास्तव समेत उपनिरीक्षकों और अन्य पुलिसकर्मियों ने डीजे की धुन पर जमकर नृत्य किया।।
बरेली से कपिल यादव
