हंगामे के बीच 1.05 अरब रुपये का बजट पास, बिजली और आपूर्ति विभाग के अधिकारी रहे निशाने पर

बरेली। जिला पंचायत बोर्ड की शुक्रवार को आयोजित बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष के लिए 105.56 करोड़ रुपये का वजट पास हुआ। वही सदस्यों ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। बैठक मे जिला पूर्ति अधिकारी के समय पर न पहुंचने पर जिला पंचायत सदस्यों ने जमकर हंगामा करते हुए सालों से अटके गन्ना भुगतान को लेकर जिला गन्ना अधिकारी को भी निशाने पर लिया। इस दौरान नोक-झोंक भी हुई। बैठक में किसानों और क्षेत्र की समस्याओं की लगी झड़ी। जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल की अध्यक्षता मे जीआईसी ऑडिटोरियम में शुक्रवार को बोर्ड बैठक आयोजित हुई। बोर्ड बैठक मे विकास के प्रस्तावों से ज्यादा हंगामा भ्रष्टाचार के आरोपों और अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर रहा। जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल और सांसद छत्रपाल गंगवार की मौजूदगी मे आगामी वित्तीय वर्ष के लिए 105.56 करोड़ रुपये का बजट पास हुआ। बैठक में राशन कार्ड बनवाने में दलाली, बिजली के गलत बिल, खाद-बीज वितरण में गड़बड़ी, गन्ना भुगतान में देरी, बदहाल सड़कों पर खूब हंगामा हुआ। पूर्ति अधिकारी के देरी से आने और अधिकारियों की जगह प्रतिनिधियों के आने पर भी कड़ी आपत्ति दर्ज कराई गई। जिला कृषि अधिकारी ऋतुषा तिवारी ने खाद-चीज की भरपूर उपलब्धता की रिपोर्ट पेश की। इस पर सदस्य निरंजन यदुवंशी ने कहा कि जब भरपूर खाद उपलब्ध है तो किसानों को क्यों नहीं मिल रही है। उन्होंने खाद की कालाबाजारी का आरोप लगाया। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से भी तीखी नोकझोंक हुई। मझौआ गंगापुर और बहेड़ी की कुंडरा कोठी मार्ग की बदहाली का मुद्दा गूंजा। बहेड़ी शुगर मिल मार्ग के 20 साल से खराब होने के साथ ही मुड़िया रोड का मुद्दा भी सदन मे उठा। जिला पूर्ति अधिकारी मनीष सिंह आधा घंटा देरी से बैठक में पहुंचे तो नाराजगी जताई गई। पिछली बैठक में भी वे देरी से आए थे। सदस्य निरंजन यदुवंशी ने कहा कि पूर्ति कार्यालय दलालों का अड्डा बन चुका है। बिना सुविधा शुल्क के कार्ड नहीं बन रहे है। सांसद छत्रपाल सिंह ने कहा कि पूर्ति विभाग से प्राइवेट लोग बाहर किए जाएं। राशन वितरण में पारदर्शिता बरती जाए। बिजली विभाग को लेकर गुस्सा साफ नजर आया। सदस्य छेदा लाल दिवाकर ने कहा कि यह सबसे भ्रष्ट विभाग है। एक-एक बल्ब का बिल दस हजार रुपये आ रहा है। बिना रीडिंग के गलत बिल दिए जा रहे है। नवाबगंज वार्ड 6 के सदस्य छेदालाल दिवाकर ने गन्ना भुगतान में देरी का मुद्दा उठा। कहा कि इस कारण जिले में गन्ने का रकबा लगातार घट रहा है। इस पर गन्ना अधिकारी ने बताया कि उन्होंने हाल ही में कार्यभार संभाला है। बैठक में सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, एमएलसी महाराज सिंह, बिथरी विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, नवाबंगज विधायक डा. एमपी आर्या, भाजपा नेता प्रशांत पटेल के साथ ही सीडीओ देवयानी व अपर मुख्य अधिकारी नीतू सिसौदिया मौजूद रही।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *