स्मैक माफिया गैंग की 68 लाख की संपत्ति सीज

बरेली। स्मैक बनाने की फैक्ट्री चलाने वाले मादक पदार्थ माफिया अकरम और उसके गैंग के सदस्यों की पुलिस ने 68 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। यह कार्रवाई पिट एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई है। इस गैंग मे अकरम समेत सात सदस्य है। जिनमें से तीन की संपत्ति जब्त की गई है। इज्जतनगर पुलिस ने पिछले साल दो जुलाई को रेलवे के खंडहर मे स्मैक बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। मौके से साढ़े तीन किलो स्मैक, कट पाउडर, केमिकल समेत स्मैक बनाने की सामग्री बरामद की गई। इस मामले में फतेहगंज पश्चिमी के मोहल्ला नई बस्ती सराय निवासी अकरम, आसिफ, उस्मान कुरैशी, मोहल्ला अंसारी निवासी जावेद व राशिद, तिलियापुर सीबीगंज के हारून और बारादरी के एजाजनगर गौंटिया के अफजाल मुल्ला के खिलाफ कार्रवाई की गई। पिछले दिनों इन सभी पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई और इस गैंग का माफिया अकरम को बनाया गया। इस मामले में पिट एनडीपीएस की कार्रवाई करते हुए इज्जतनगर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत आरोपियों की संपत्ति का चिह्नीकरण किया और फिर शनिवार को 68 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क कर दी। इनमें अकरम की 61,50,948 रुपये, जावेद की 5,57,000 और राशिद की 92,646 रुपये की चल-अचल संपत्ति कुर्क की गई है। इस दौरान पुलिस ने क्षेत्रीय लोगों के समक्ष इसकी मुनादी भी कराई। इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह ने बताया कि इस गैंग के जिन तीन अपराधियों की संपत्ति जब्त की गई है, उन पर नौ मुकदमे दर्ज हैं। इनमे अकरम के खिलाफ उत्तराखंड, इज्जतनगर व फतेहगंज पश्चिमी में पांच और जावेद व राशिद पर इज्जतनगर थाने में दो-दो मुकदमे दर्ज है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *