नवाबगंज, बरेली। जनपद के थाना नवाबगंज क्षेत्र मे उपभोक्ताओं की बिना अनुमति के उनके घरों मे स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर व्यापारियों में भारी गुस्सा है। इससे नाराज व्यापारियों ने मंगलवार को कस्बे मे जेई का पुतला फूंककर जोरदार प्रदर्शन किया। लोगों के घरों मे उनकी बिना अनुमति के ही स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे है। जिससे लोगों में भारी गुस्सा है। इससे नाराज व्यापारियों ने मंगलवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के नगर अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता उर्फ लल्लू के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचे और जेई पर व्यापारियों के साथ अभद्रता करने के साथ ही बिना उपभोक्ता की सहमति के जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को एक पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। बाद मे व्यापारी कस्बे के बाईपास चौराहे पहुंचे और जेई का पुतला फूंक जोरदार प्रदर्शन किया। व्यापारियों का आरोप है कि जेई केंद्रीय ऊर्जा मंत्री के संसद में दिए गए बयान को न मानकर जबरन लोगों के घरों मे स्मार्ट मीटर लगा रहे हैं। अगर कोई उपभोक्ता इसका विरोध करता है तो वह उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराए जाने और उसका बिजली कनेक्शन काटे जाने की धमकी दे रहे है। इसमे हिन्दू जागरण मंच के जिला उपाध्यक्ष हरिपाल सिंह, आशीष गुप्ता, अरविन्द शुक्ला, मनोज शर्मा, जितेन्द्र चड्ढा, दीपक पंडित, संजीव राठौर, अंकुर राठौर, गुड्डू वाल्मीकि, अरविन्द गुप्ता थे। जेई ने व्यापारी नेता के खिलाफ दी तहरीर : नवाबगंज मे स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर चल रहे विवाद मे जेई का पुतला फूंके जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जेई ने व्यापारी नेता के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। नवाबगंज उपकेंद्र के जेई नीरज कुमार का कहना है कि शासन व विभागीय निर्देशों के तहत कस्बे मे स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य कराया जा रहा है। यह कार्य निगम के निर्देशों के अनुसार कराया जा रहा है। उनका आरोप है कि मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। जिसमें स्मार्ट मीटर के विरोध मे उनका पुतला जलाया गया। इससे उनकी व विभाग की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है। आरोप है कि एक व्यापारी नेता समेत अन्य लोगों ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से निशाना बनाते हुए उनका पुतला फूंका है। जिससे सरकारी कार्य मे बाधा उत्पन्न हुई और उनकी जानमाल को भी खतरा पैदा हुआ है। उन्होंने आशंका जताई है कि यदि उन्हें कोई क्षति होती है तो इसके लिए वही लोग जिम्मेदार होंगे।।
बरेली से कपिल यादव
