स्कूल-कॉलेजों के पास लगेंगे स्पीड ब्रेकर और सीसीटीवी कैमरे

बरेली। सड़क दुर्घटनाओं मे कमी लाने के लिए स्कूल-कॉलेजों के आसपास सड़कों पर स्पीड ब्रेकर और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में एडीएम सिटी सौरभ दुबे ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के लिए ये कवायद की जा रही है। एडीएम सिटी ने निर्देश दिए कि स्कूलों के आस-पास अनिवार्य रूप से स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं। अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन को जागरूक करने पर भी जोर दिया। निर्देश दिए कि बिना फिटनेस प्रमाण पत्र या निर्धारित मानकों के कोई भी स्कूली वाहन सड़क पर न दिखे। बैठक में पेट्रोल पंपों, ढाबों और टोल प्लाजा के आस-पास सड़क सुरक्षा संबंधी संकेतक, होर्डिंग और बैनर लगाने को निर्देशित किया। कहा कि इसमें किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि भारी वाहनों एवं ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं, जिससे रात में दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। एडीएम सिटी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के साथ-साथ घरों में भी बच्चों की सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करें। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता भगत सिंह, परिवहन विभाग के अधिकारी आदि कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *