राजस्थान/बाड़मेर- बाड़मेर जिला चिकित्सालय के आपातकालीन विभाग एवं ओपीडी में आने वाले पीड़ित मरीजों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से श्रीमती रेखा देवी पत्नी ओमप्रकाश धारीवाल द्वारा दो व्हील चेयर भेंट कर सराहनीय पहल की गई। यह प्रेरणादायक कार्य डॉ. कपिल जैन की प्रेरणा से संभव हुआ, जिससे अस्पताल में आने वाले जरूरतमंद मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनूप सिंह गुर्जर ने इस अवसर पर धारीवाल परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्य समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने इसे मानवता की सच्ची सेवा बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा बनते हैं। वहीं जिला चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. हनुमानराम चौधरी ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अस्पताल में आने वाले कई मरीजों को तत्काल व्हील चेयर की आवश्यकता होती है, ऐसे में यह सहयोग अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
इस दौरान डॉ. कपिल जैन ने बताया कि आपातकालीन परिस्थितियों में कई बार मरीजों को व्हील चेयर उपलब्ध नहीं हो पाती, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए रेखा देवी धारीवाल से सहयोग का आग्रह किया गया, जिस पर उन्होंने तत्परता दिखाते हुए तुरंत दो व्हील चेयर उपलब्ध करवाई। उन्होंने इसे भगवान श्री भैरव देव की कृपा बताते हुए सेवा कार्य को अपना सौभाग्य माना।कार्यक्रम के दौरान नर्सिंग अधिकारी जगदीश सोनी, हेल्थ मैनेजर नरेंद्र कुमार खत्री, सामाजिक कार्यकर्ता एवं डाटा मैनेजर अबरार मोहम्मद सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
— राजस्थान से राजूचारण
