समाधान दिवस: अवैध कब्जा करने वालों पर कार्रवाई करें- डीएम

आंवला, बरेली। जनपद की विभिन्न तहसीलों में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस मे फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ी। शिकायतों की संख्या अधिक रही लेकिन मौके पर निस्तारण अपेक्षाकृत कम देखने को मिला। समाधान दिवस मे आई शिकायतों में से मात्र दस फीसदी समस्या का मौके पर निस्तारण हो सका है। सभी जगह 360 शिकायतों में 32 शिकायतों यानि नौ फीसदी का निस्तारण मौके पर निस्तारण हो सका। हालांकि आंवला में जिलाधिकारी के सख्त तेवर और बड़े मुद्दों पर कार्रवाई के निर्देश पूरे आयोजन का केंद्र बने रहे। तहसील आंवला मे जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में 79 शिकायतें दर्ज हुई। जिनमें से 8 का मौके पर निस्तारण किया गया। यहां डीएम का रुख सबसे सख्त नजर आया। डीएम ने चकरोड खाली कराने और सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नही होगी और बिना वजह अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई तय है। फर्जी शिकायतों की जांच कराई गई। वहीं साइबर ठगी के मामले मे मुकदमा दर्ज कर नंबर सर्विलांस पर लगाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर परियोजना को लेकर भी डीएम ने जानकारी साझा की। जिसमें किसानों को सर्किल रेट का चार गुना मुआवजा देने की बात कही गई। डीएम ने यह भी निर्देश दिए कि जिन गांवों मे समस्याएं ज्यादा है वहां अधिकारी कैंप कर समाधान करें। इस तरह आंवला में प्रशासनिक सख्ती और बड़े फैसलों ने समाधान दिवस को खास बना दिया। कुल मिलाकर, समाधान दिवस में शिकायतों की संख्या अधिक और मौके पर निस्तारण कम रहा लेकिन आंवला मे डीएम की सख्ती और स्पष्ट निर्देश पूरे जिले में चर्चा का विषय बने रहे। मीरगंज मे सीडीओ ने शिकायतों का मौके पर किया निस्तारण : तहसील मीरगंज में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी की मौजूदगी मे 36 शिकायतें आई। जिनमें से 4 का ही मौके पर समाधान हो सका। यहां भी राजस्व विभाग की शिकायतें सबसे ज्यादा रही। सीडीओ ने लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। बहेड़ी मे 40 में से सात फरियादियों का मौके पर किया निस्तारण : तहसील बहेड़ी मे 40 शिकायतें आई। जिनमें 7 का निस्तारण हुआ। एडीएम ने आईजीआरएस पर लंबित मामलों को लेकर सख्ती दिखाई और तालाबों पर कब्जे के मामलों में जांच के निर्देश दिए। फरीदपुर में 50 में से छह का निस्तारण : फरीदपुर मे 50 शिकायतें दर्ज हुई, जिनमें से 6 का मौके पर निस्तारण किया गया। यहां भी राजस्व से जुड़े मामले अधिक रहे और अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। नवाबगंज में 115 में से सात का किया हल : नवाबगंज में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में 115 शिकायतें दर्ज की गई, जिनमें से केवल 7 का मौके पर निस्तारण हुआ। जमीन विवाद, आवास योजना और चकरोड से जुड़े मामलों की भरमार रही। अधिकारियों ने जांच के निर्देश दिए, लेकिन अधिकांश मामलों में फरियादी इंतजार करते नजर आए।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *