फरीदपुर, बरेली। सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर आईटीआई की छात्रा से 5.85 लाख रुपए की रकम ऐंठ ली। कई महीने बीतने के बाद भी नौकरी नही मिली तो उन्होंने रकम वापस मांगनी शुरू कर दी। रकम वापस मांगने पर ठगों ने आईटीआई छात्रा के परिजनों को हत्या की धमकी दी। मुख्यमंत्री जनता दिवस मे शिकायत के बाद आईटीआई के शिक्षक और उसकी पत्नी पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। फरीदपुर के मोहल्ला मिर्धान के शिवनंदन सिंह की बेटी कुमारी गुंजन देवी ने आईटीआई मे प्रवेश लिया था। गुंजन सरकारी नौकरी के लिए प्रयासरत थी। गुंजन की मुलाकात आईटीआई की शिक्षिका शिक्षा कुमारी से हुई। आरोप है शिक्षा कुमारी ने सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर 15 लाख रुपए की मांग की। इसके बाद शिक्षा कुमारी ने अपने पति नवाबगंज के धौरेरा के शामपुर मंजरा निवासी सत्य प्रकाश उर्फ सत्यम गौतम से मिलवाया। सरकारी नौकरी के लिए 8 लाख की रकम पहले देने की बात तय हुई। जबकि सात लाख रिजल्ट के समय देने को कहा। झांसे मे आकर गुंजन और उनके परिवार वालों ने 22 दिसंबर 2018 को सत्यप्रकाश उर्फ सत्यम गौतम 5.85 लाख की रकम दे दी। कई महीने बाद भी नौकरी नही लगने पर गुंजन देवी और परिवार वालों ने रुपए वापस मांगे। आरोप है कि जिसके बाद सत्यम उर्फ सत्यप्रकाश व उनकी पत्नी शिक्षा कुमारी ने गुंजन के मोबाइल नंबर पर भर्ती के विज्ञापन का कूट रचित मैसेज भेजा। गुंजन और उनके परिवार वालों ने मैसेज के बारे में जानकारी की तो उन्हें धोखाधड़ी एहसास हुआ। शिक्षा कुमारी और उनके पति ने झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दी। मुख्यमंत्री जनता दर्शन मे शिकायत दर्ज कराई। मुख्यमंत्री के आदेश पर फरीदपुर पुलिस ने नवाबगंज के धौरेरा के शामपुर मंजरा निवासी सत्यप्रकाश उर्फ सत्यम गौतम एवं उनकी पत्नी शिक्षा कुमारी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।।
बरेली से कपिल यादव
