शादी का कार्ड लेकर पहुंचा दूल्हा, डीएम ने दिलवाया सिलेंडर

बरेली। शादी, धार्मिक आयोजन वाले परिवारों को अतिरिक्त सिलेंडर मिलना शुरू हो गया है। मंगलवार को दो परिवार शादी का कार्ड लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहां डीएम अविनाश सिंह के निर्देश पर उनको व्यवसायिक सिलेंडर उपलब्ध कराया गया। खास बात यह रही कि इसमे एक परिवार के साथ भावी दूल्हा भी आया था। केसरपुर के खाई-खेड़ा निवासी विवेश प्रजापति की 15 अप्रैल को शादी है। हाल मे सिलेंडर को लेकर जारी नियम के चलते परिवार को शादी समारोह के लिए अतिरिक्त सिलेंडर की आवश्यकता थी। भावी दूल्हा विवेश कुमार परिवार के साथ कलेक्ट्रेट आया और जिलाधिकारी अविनाश सिंह को परेशानी बताई। प्रार्थना पत्र के साथ शादी का कार्ड भी दिखाया। उसी दौरान नवाबगंज के रतना निवासी महेंद्र गंगवार का परिवार भी आ गया। महेंद्र की आगामी 21 अप्रैल को शादी होनी है। डीएम अविनाश सिंह ने दोनों परिवारों का प्रार्थना पत्र देखने के बाद जिला पूर्ति अधिकारी से बात की। मौके पर ही एजेंसी से व्यवसायिक सिलेंडर मंगाए गए और दोनों परिवारों को चार-चार सिलेंडर दिए। जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय में विवाह आदि कार्यक्रमों के लिए 225 लोगों ने आवेदन किए हैं। डीएसओ मनीष सिंह ने बताया कि आवेदनों की जांच के बाद 725 कॉमर्शियल सिलेंडर लोगों को उपलब्ध कराए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि जिले में पांच किलोग्राम का छोटू (एफटीएल) गैस सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। पीएनजी कनेक्शन के लिए लगेंगे कैंप : शहर मे पीएनजी कनेक्शन कराने के लिए उपभोक्ता सीयूजीएल के कार्यालय में संपर्क करने के साथ ही ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सीयूजीएल अधिकारी ने बताया कि नए कनेक्शन करने के लिए शहर में कैंप लगाए जाएंगे। अभी नए कनेक्शन के लिए सात हजार की जगह केवल पांच हजार रुपये ही लिए जा रहे हैं। इसमें भी पांच सौ रुपये की अतिरिक्त छूट सीयूजीएल पहले बिल में दे रहा है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *