भुता, बरेली। जनपद के थाना भुता क्षेत्र के गांव रावल कला मे पत्नी की हत्या कर शव गांव मे ही श्मशान भूमि पर फेंककर भागने वाले हत्यारोपी पति को पुलिस ने बुधवार को कोर्ट मे पेश किया। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया है। सोमवार रात रावल कला गांव के भीमसेन ने अपनी दूसरी पत्नी भगवान देई उर्फ मंजू की अवैध संबंध के शक मे नशे की हालत मे डंडे व लोहे की रॉड से पीटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद शव पीठ पर लादकर श्मशान भूमि पर ले गया। वहां ग्रामीणों ने उसे देख लिया। ग्रामीणों ने शोर मचाया तो शव फेंककर भाग गया। मृतका की मां रामकुमारी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की और उसे ग्राम पड़ोली से बहादुरपुर मार्ग पर ट्यूबवेल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में भीमसेन ने बताया कि वह राजस्थान में मजदूरी करता था। होली पर घर आया था। आसपास के लोगों से पत्नी के किसी दूसरे व्यक्ति से अवैध संबंधों की जानकारी होने पर शराब के नशे मे विवाद होने के बाद उसकी हत्या कर दी। थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया।।
बरेली से कपिल यादव
