फरीदपुर, बरेली। रोडवेज बस मे बराबर वाली सीट पर बैठी महिला ने पास बैठी महिला के पास टिकट के पैसे कम पड़ने पर उसकी मदद की फिर उसे बातों मे फंसाकर अपने साथ फरीदपुर मे उतार लिया। तीन दिन तक वह महिला को अपने साथ इधर-उधर घूमाती रही फिर शुक्रवार को बैंक से रुपये निकालने के बहाने फरीदपुर लेकर आई और महिला के नौ महीने के बेटे को लेकर फरार हो गई। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस के मुताबिक जनपद हरदोई के थाना देहात क्षेत्र के गांव मिरगंवा मे रहने वाली सुनभला कुमारी अपने नौ महीने के बेटे अरुण के साथ 17 मार्च को अपनी बहन संजीदा के घर जाने के लिए रोडवेज बस मे सवार हुई थी। हरदोई मे जिस बस मे सुनभला बैठी थी उसकी बराबर वाली सीट पर एक अन्य महिला बैठी थी। परिचालक ने सुनभला से टिकट के पैसे मांगे तो उसके पास पूरे पैसे नही थे। इस पर बराबर वाली सीट पर बैठी महिला ने टिकट के पैसे देकर उसकी मदद की। इसके बाद दोनों मे बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया। महिला की बातों मे आकर सुनभला फरीदपुर मे उसके साथ बस से उतर गई। तीन दिन तक महिला ने सुनभला को अपने साथ रखा। शुक्रवार को वह बैंक से रुपये निकालने फरीदपुर पहुंची। जहां उसे बैंक के बाहर बैठा दिया और यह कहकर बच्चा लेकर चली गई कि बच्चा गोद मे होने पर जल्दी नंबर आ जाएगा। इसके बाद वह वापस नही लौटी। इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि बच्चा ले जाने वाली महिला के परिवार से संपर्क हो गया है। महिला की तलाश मे टीमें लगी है। जल्दी ही बच्चे को बरामद कर लिया जाएगा। घरवालों से नाराज होकर चली आई थी पीड़ित महिला: सुनभला के पति अमित कुमार हिमाचल प्रदेश मे मजदूरी करते है। वह इस वक्त हिमाचल मे है। सुनभला अन्य परिजनों के साथ ससुराल मे रहती है। पति अमित ने बताया कि सुनभला मानसिक रूप से कमजोर है। वह पहले भी नाराज होकर घर से जा चुकी है। 17 मार्च को उसका घरवालों से किसी बात पर झगड़ा हो गया था। इस पर वह नाराज होकर घर से चली आई। उसके पास ज्यादा पैसे भी नही थे।।
बरेली से कपिल यादव
