बरेली। जनपद के थाना सुभाषनगर क्षेत्र मे रहने वाले रेस्टोरेंट मालिक का तमंचे से फायरिंग करते हुए दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इस मामले की मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की गई है। सुभाषनगर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। वायरल हुए दो वीडियो मे एक 15 सेकेंड और दूसरा छह सेकेंड का है। इसमे सुभाषनगर के मोहल्ला मढ़ीनाथ मे पंडितों वाली गली में रहने वाला रेस्टोरेंट संचालक तमंचे को लोड करके फायरिंग करता नजर आ रहा है। वीडियो में आसपास कुछ अन्य लोग भी खड़े नजर आ रहे हैं। वीडियो से स्पष्ट है कि रेस्टोरेंट संचालक दबंगई दिखाने के लिए तमंचे से फायरिंग कर वीडियो बनवा रहा है। इस मामले में इज्जतनगर के परतापुर चौधरी निवासी सुमित कुमार ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज करते हुए कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में उन्होंने कहा है कि आरोपी बड़ा बाईपास पर रेस्टोरेंट संचालित करता है और वहां भी अवैध गतिविधियों को अंजाम देता है। इस मामले मे सुभाषनगर पुलिस को जांच सौंपी गई है। इंस्पेक्टर सतीश कुमार ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज करके उसे गिरफ्तार किया जाएगा और तमंचा बरामद कर जेल भेजा जाएगा।।
बरेली से कपिल यादव
