बरेली। होली पर निकलने वाली राम बारात को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने शुक्रवार को कोहाड़ापीर और बानखाना इलाके मे ड्रोन से छतों पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान दो स्थानों पर छतों पर पत्थर रखे मिले। जिन्हें हटाने के लिए 12 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया है। होली के अवसर पर निकलने वाली रामबारात को शांतिपूर्ण निपटाने के लिए पुलिस-प्रशासन ने सारी तैयारियां शुरू कर दी है। सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने बताया कि राम बारात को सकुशल संपन्न कराने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे है। कुछ स्थानों पर अस्थाई कैमरे भी लगवाए जाएंगे। स्मार्ट सिटी के कंट्रोल रूम से भी निगरानी कराई जाएगी। साथ ही अतिरक्त फोर्स की डिमांड भी भेज दी गई है। वही राम बारात के रूट की भी जांच कराई जा रही है। शुक्रवार को सीओ सिटी आशुतोष शिवम की अगुवाई मे पुलिस फोर्स ने सांप्रदायिक दृष्टिकोण से अतिसंवेदनशील माने जाने वाले कोहाड़ापीर और बानखाना क्षेत्र मे लोगों से संवाद कर आयोजन को सकुशल संपन्न कराने की बात कही। इस दौरान ड्रोन उड़ाकर छतों पर भी तलाशी कराई गई। सुर्खा-बानखाना रोड पर दो छतों पर ईट के टुकड़े व पत्थर पड़े नजर आए। जिस पर गृहस्वामियों को 12 घंटे के अंदर उन्हे हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही अन्य लोगों को भी चेतावनी दी कि छत पर ईट-पत्थर जमा न करें, वरना कार्रवाई की जाएगी। रामबारात बड़ी बमनपुरी मे नृसिंह मंदिर से शुरू होकर मलूकपुर चौराहा, बिहारीपुर ढाल, कुतुबखाना, घंटाघर, नावल्टी चौराहा, बरेली कॉलेज गेट, कालीबाड़ी, श्यामगंज चौराहा, साहू गोपीनाथ, मठ चौकी, शिवाजी मार्ग से वापस कुतुबखाना, बड़ा बाजार, किला चौराहा, सिटी सब्जीमंडी से मलूकपुर चौराहा होते हुए नृसिंह मंदिर पर संपन्न होगी।।
बरेली से कपिल यादव
