मिनी बाईपास पर पांच ट्राली रेता बजरी जब्त, 70 हजार जुर्माना

बरेली। शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए नगर निगम की टीम ने शनिवार को मिनी बाईपास पर अभियान चलाया। सड़क किनारे अवैध रूप से कब्जा जमाए लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए टीम ने भारी मात्रा में निर्माण सामग्री जब्त की। अवैध रूप से डंप करके रखी गई पांच ट्राली रेता और बजरी को कब्जे में ले लिया। सार्वजनिक मार्ग को बाधित करने और नियमों के उल्लंघन के आरोप में दुकानदारों से 70 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। निगम टीम दोपहर को जैसे ही पहुंची। वैसे ही सड़क किनारे फड़ और ठेले लगाने वालों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार अपना सामान समेटकर भागते नजर आए तो कई ने टीम के साथ बहस करने की कोशिश की। हालांकि, अधिकारियों की सख्ती के आगे किसी की एक न चली और अवैध रूप से लगाए गए ठेलों को मार्ग से हटवा दिया गया। राजस्व निरीक्षक सच्चिदानंद ने बताया कि मिनी बाईपास पर लंबे समय से अवैध अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थी। जिससे राहगीरों को आवागमन मे असुविधा हो रही थी। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने स्पष्ट कहा कि सरकारी जमीन और सड़कों पर किसी भी तरह का कब्जा स्वीकार्य नही होगा। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने क्षेत्र के व्यापारियों और ठेले वालों को चेतावनी दी है कि वे स्वयं ही सड़क से अपना अतिक्रमण हटा ले, अन्यथा नगर निगम सख्त कार्रवाई करेगा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *