बरेली। श्यामगंज पुल के नीचे चारपाई पर सो रहे बिजनौर के मजदूर की टैंकर से कुचलकर मौत मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। इस मामले में आस्था ट्रेडर्स के ठेकेदार, निगम कर्मचारियों और वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। बिजनौर जनपद के थाना स्योहारा क्षेत्र के गांव मुंडा खेड़ी निवासी 35 वर्षीय रूप सिंह अपने भाई रामगोपाल के साथ बरेली में मजदूरी करने आए थे। उनके भाई रामगोपाल ने पोस्टमार्टम हाउस पर बताया कि वे दोनों श्यामगंज पुल के नीचे नगर निगम की सीवर लाइन निर्माण कार्य में लगे थे। यह काम आस्था ट्रेडर्स के संजयनगर निवासी ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा था। फर्म के प्रोपराइटर ने सामान पड़ा होने के कारण दोनों भाइयों से वही सोने को कहा था। रविवार रात काम खत्म होने के बाद वे लोग वही मिट्टी के ढेर के पास चारपाई डालकर सो गए थे। सोमवार सुबह करीब पांच बजे रामपुर गार्डन की ओर से आए किसी वाहन ने उनके भाई रूप सिंह को सोते समय ही चारपाई समेत कुचल दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक रूप सिंह के परिवार में पत्नी इंद्रावती और तीन छोटे बच्चे हैं।सीसीटीवी फुटेज से पता चला वाहन: पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज निकलवाई तो सामने आया कि रूप सिंह को एक टैंकर से कुचला गया है। इस मामले में रूप सिंह के भाई रामगोपाल ने थाना बारादरी मे वाहन चालक, आस्था ट्रेडर्स संजयनगर के ठेकेदार और नगर निगम के कर्मचारियों के खिलाफ थाना बारादरी मे मुकदमा दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि इनकी लापरवाही के चलते ही यह हादसा हुआ है।।
बरेली से कपिल यादव
