बरेली। बैंक सुरक्षा गारद मे तैनात रिजर्व पुलिस लाइन के हेड कांस्टेबल की खाना खाने के दौरान हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर मे मौत हो गई। हार्टअटैक से हेड कांस्टेबल की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस की ओर से उनके परिजन को सूचना दे दी गई है। पुलिस लाइन में तैनात 52 वर्षीय हेड कांस्टेबल धर्मवीर सिंह की इन दिनों बैंक ऑफ बड़ौदा में गारद कमांडर के रूप मे ड्यूटी चल रही थी। शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे वह चौपुला के पास स्थित कमरे पर खाना खाने पहुंचे थे। खाना खाते वक्त उनके सीने मे दर्द होने लगा तो साथ मे रहने वाले सिपाही सौरव को बताकर वह आराम करने को लेट गए। कुछ ही देर मे धर्मवीर सिंह बेहोश हो गए तो सौरव अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। हार्टअटैक से उनकी मौत की आशंका जताई जा रही है। जानकारी मिलने पर कोतवाली इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने मौका मुआयना किया। आरआई हरमीत सिंह ने बताया कि धर्मवीर सिंह मूलरूप से अलीगढ़ मे थाना चंडौस के गांव जहराना के निवासी थे। उनका परिवार मुरादाबाद मे थाना मझोला के विशालपुर मे टेकिया फार्म के पास रहता है। परिजन को सूचना दे दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।।
बरेली से कपिल यादव
