बरेली। नोएडा स्थित राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल पर रविवार को बहुजन आंदोलन के महानायक मान्यवर कांशीराम को जयंती भव्य रूप से मनाई गई। इस विशाल समागम में बरेली जिले से भी भारी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए, जिन्होंने मान्यवर कांशीराम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके दिखाए सामाजिक न्याय के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। जिलाध्यक्ष डॉ. जयपाल सिंह की अगुवाई मे जिले से एक विशाल काफिला नोएडा पहुंचा। उन्होंने बताया कि शनिवार की रात को ही 29 बसों और 206 निजी कारों के माध्यम से पांच हजार से अधिक कार्यकर्ता नोएडा के लिए रवाना हुए थे। इस बड़े काफिले के साथ बरेली के कोने-कोने से आए लोगों ने प्रेरणा स्थल पर मत्था टेका और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के दौरान संगठन को मजबूती और आगामी रणनीतियों पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम की शुरुआत पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी व पूर्व सांसद मुनकाद अली, उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष मोहित आनंद, पूर्व सांसद गिरीश जाटव समेत अन्य ने की।।
बरेली से कपिल यादव
