बरेली से कानपुर मिलावटी पनीर की सप्लाई, 580 किलो मिलावटी पनीर कराया नष्ट

बरेली। सब्जी मंडी से मिलावटी पनीर की सप्लाई जनपद मे ही नही बल्कि कानपुर तक हो रही है। कानपुर मे गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चौबेपुर के पास वाहन मे घटिया क्वालिटी का 786 किलोग्राम पनीर पकड़ा जो बरेली की सब्जी मंडी से सप्लाई हुआ था। कानपुर के अधिकारियों की रिपोर्ट पर स्थानीय खाद्य सुरक्षा टीम ने शुक्रवार को सब्जी मंडी स्थित दुकान पर छापा मारा और 580 किलोग्राम पनीर को जब्त कर गड्डा खुदवाकर नष्ट कराया। टीम ने नमूना भरकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। साथ ही 1191 किलो सरसों के तेल के साथ 48 किलो कचरी भी जब्त की। एफएसडीए कानपुर की टीम ने 26 फरवरी को घटिया गुणवत्ता का 786 किलो पनीर पकड़ा था। कानपुर से सूचना मिली कि यह पनीर बरेली से आ रहा था। इस पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल के निर्देशन में सब्जी मंडी स्थित रौनक ट्रेडर्स पर छापा मारा गया। रौनक ट्रेडर्स ने ही कानपुर को 150 रुपये किलो में पनीर भेजा था। मौके पर लगभग 580 किलो पनीर खराब स्थिति में भंडारण किया हुआ पाया गया। उसकी गुणवत्ता भी खराब थी। जब्त किए गए पनीर के एक टुकड़े को सैंपल के लिए लेकर 1.16 लाख रुपये का शेष पनीर नष्ट करवा दिया। पूछताछ में रौनक ट्रेडर्स के स्वामी अरसान ने बताया कि उन्होंने पनीर बदायूं जिले के बिधुलिया गांव के सुरजीत, सुधीर, विनोद, रोहित, कुंवरपाल और सुखवीर से खरीदा था। खाद्य विभाग ने बदायूं के अफसरों को इसकी सूचना दी है। अब सप्लाई चेन की कड़ियां खंगाली जा रही है। शुक्रवार को मीरगंज मे अमन स्वीट हाउस से 5400 कीमत का लगभग 18 किलो खोया जब्त कर नष्ट किया गया। वीपी फूड प्रोडक्ट आनंद विहार कालोनी से कचरी का एक नमूना लिया गया। 1920 रुपये की 48 किलो कचरी जब्त की गई। बीसी ट्रेडर्स फरीदपुर से घी का नमूना लिया गया। मीरगंज में 1191 सरसों तेल सीज किलो: टीम ने मीरगंज के राजेंद्र नगर स्थित रिद्वि इंटरप्राइजेज पर छापा मारा। वहां सरसों के तेल के दो नमूने लिए गए। करीब 177700 रुपये कीमत का 1191 किलो तेल सीज किया गया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *