बरेली। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी को ई-मेल भेजकर पासपोर्ट कार्यालय, पासपोर्ट सेवा केंद्र व डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। मामले की जानकारी होते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड, एंटी सबोटाज टीम, एटीएस समेत अन्य टीमों ने सभी कार्यालयों की घेराबंदी कर ली और उन्हें खाली कराकर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। मगर इस दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नही मिलने पर अफसरों ने राहत की सांस ली। धमकी को गंभीरता से लेते हुए सात जिलों में बने डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों में भी चेकिंग कराई गई। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को पूर्वाह्न 11:15 बजे उनके अधिकृत मेल आईडी पर ई-मेल प्राप्त हुआ। ई-मेल में भेजने वाले की कोई जानकारी नहीं थी लेकिन स्पष्ट लिखा था कि दोपहर दो बजे पासपोर्ट ऑफिस, डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों को दोपहर दो बजे जहरीले बम से उड़ा दिया जाएगा। सूचना पर प्रेमनगर इंस्पेक्टर सुरेंद्र पाल सिंह, डॉग स्क्वाड, बम निरोधक दस्ता, एंटी सबोटाज टीम व एटीएस टीमें प्रियदर्शनी नगर स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट ऑफिस पहुंच गई। सर्च ऑपरेशन चलाया: क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के अंतर्गत आने वाले डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र बदायूं, शाहजहांपुर, पीलीभीत, रामपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर (नगीना) के स्थानीय प्रशासन से संपर्क कराकर वहां भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया। ई-मेल मे डॉ. अब्दुल का उल्लेख सामने आया कर्नाटक कनेक्शन : पासपोर्ट कार्यालय और उससे जुड़े डाकघर सेवा केंद्रों को उड़ाने की धमकी वाले ई-मेल का कर्नाटक कनेक्शन सामने आया है। इसमें कहा गया है कि बेंगलुरू में डॉ. अब्दुल मोहम्मद भाई का अपमान, एमके स्टालिन और सभी डीएमके समर्थकों का अपमान है। इसलिए दोपहर दो बजे इस्लामिक प्रार्थना के दौरान आपके पासपोर्ट, डाकघर सेवा केंद्र में धमाका करने के लिए दस जहरीले बम रखे हैं। आपको बता दें कि बेंगलुरू के नेलमंगला के पास स्थित सिद्धार्थ मेडिकल कॉलेज में एक प्रोफेसर ने क्लासरूम के अंदर एक छात्रा को चॉकलेट और फूल देकर प्रपोज करने की कोशिश की। इसको लेकर वहां का माहौल बिगड़ गया और छात्रा ने साथियों के साथ प्रोफेसर की चप्पल से पिटाई कर दी। जिस प्रोफेसर की पिटाई की गई, उसका नाम अब्दुल है। इस ई-मेल में उसी प्रोफेसर के अपमान का बदला लेने के लिए धमाके करने की धमकी दी गई है। कर्नाटक में इस प्रकरण को लेकर राजनीति काफी गरमाई हुई है और प्रोफेसर से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।।
बरेली से कपिल यादव
