फरीदपुर, बरेली। जनपद के फरीदपुर नगर के लाइन पार क्षेत्र मे मंगलवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई जब खेत से लौट रहे एक किसान पर जानलेवा हमला कर तमंचे से गोली मार दी गई। गोली लगते ही किसान खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को फरीदपुर सीएचसी भेजा। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीओ ने घटनास्थल का जायजा लेकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए है। पुलिस के मुताबिक मंगलवार शाम फरीदपुर मे लाइन पार मठिया मोहल्ले में रहने वाले विशाल मौर्य अपने दोस्त के साथ घरेलू सामान खरीदने बाजार जा रहे थे। पितांबरपुर रेलवे क्रॉसिंग पर कस्बे मे लाइन पार रहने वाला टेंपो चालक विकास यादव का कई लोगों से झगड़ा हो रहा था। विशाल झगड़ा कर रहे लोगों से बचते हुए निकल रहा था। इसी दौरान किसी ने फायर झोंक दिया। जिससे विशाल की जांघ मे गोली जा लगी। विशाल चीखते हुए वहीं गिर गया। घटना के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। विशाल के दोस्त केशव ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सीओ संदीप सिंह, इंस्पेक्टर राधेश्याम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने विशाल को फरीदपुर सीएचसी भेजा। जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने झगड़ा कर रहे लोगों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है लेकिन वे फरार हैं। सीओ संदीप सिंह ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए है। जांघ को फाड़ते हुए पार निकली गोली: ओवरब्रिज का निर्माण शुरू होने के बाद पितांबरपुर रेलवे क्रॉसिंग को वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है। लाइन पार मठिया और सिसैया रोड बस्ती के लोग रेलवे लाइन पार करके पैदल फरीदपुर की बाजार आते है। इसकी वजह से पितांबरपुर रेलवे क्रॉसिंग पर सुबह से शाम तक भीड़ जुटी रहती है। मंगलवार को भीड़ के बीच विकास यादव और दूसरे पक्ष के लोगों में लाठी डंडे चल रहे थे। उन्हीं के बीच फायरिंग शुरू हो गई। जिसमें 315 बोर की गोली विशाल मौर्य की जांघ को फाड़ते हुए पार निकल गई। लोगों ने की पुलिस बूथ बनाने की मांग: बताते है कि लाइन पार मठिया मे टेंपो स्टैंड पर अवैध वसूली को लेकर दो पक्षों मे झगड़े के बीच गोली चली। लोगों के मुताबिक सिसैया रोड पर तमाम टेंपो चलते है। टेंपो चालकों से कुछ दबंग रंगदारी भी वसूलते है। इसी को लेकर रोज झगड़ा होता है। पितांबरपुर रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के बाद से लाइन पार मठिया पर पुलिस का मूवमेंट कम हो गया है। जिसकी वजह से रंगदारी वसूलने वाले बेखौफ हैं। मंगलवार को टेंपो की रंगदारी वसूलने को लेकर ही विकास यादव का कुछ लोगों से झगड़ा हो रहा था। उन्हीं के बीच किसी ने गोली चलाई।।
बरेली से कपिल यादव
