नीलामी से 140 करोड़ आय, नई टाउनशिप पर काम शुरू

बरेली। बीडीए ने रामगंगा नगर आवासीय योजना और ग्रेटर बरेली आवासीय योजना के विभिन्न सेक्टरों में स्थित व्यवसायिक भूखंडों की नीलामी कर करीब 140 करोड़ रुपये की आय अर्जित की है। यह नीलामी 23 मार्च 2026 को प्राधिकरण के नवीन कार्यालय भवन मे आयोजित शिविर के दौरान संपन्न हुई। बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. ए मनिकंडन में बताया कि बीडीए द्वारा रामगंगा नगर और ग्रेटर बरेली आवासीय योजनाओं के सफल विकास के बाद अब शहर और आसपास के क्षेत्रों मे बढ़ती आवासीय मांग को देखते हुए नई टाउनशिप योजना पर काम शुरू कर दिया गया है। यह नई योजना दिल्ली-लखनऊ बड़ा बाईपास और पीलीभीत बाईपास मार्ग पर लगभग 267 हेक्टेयर क्षेत्रफल में विकसित की जाएगी। नई टाउनशिप में 45 मीटर और 30 मीटर चौड़ी जोनल सड़कों के साथ 18 मीटर चौड़ी आंतरिक सड़कों का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा सभी बिजली लाइनों को भूमिगत रखा जाएगा और योजना क्षेत्र में 132 केवीए का विद्युत उपकेंद्र भी स्थापित किया जाएगा, जिससे निवासियों को निर्वाध बिजली आपूर्ति मिल सके। योजना के अंतर्गत आधुनिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए एम्यूजमेंट पार्क और कम्युनिटी सेंटर भी विकसित किए जाने का प्रस्ताव है, जिससे यह क्षेत्र एक सुव्यवस्थित व सुविधाजनक आवासीय परिसर के रूप में विकसित हो सके। शिविर में विभिन्न श्रेणी और क्षेत्रफल के रिक्त भूखंडों का आवंटन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर नीलामी प्रक्रिया में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में सचिव वंदिता श्रीवास्तव, मुख्य वित एवं लेखाधिकारी शिवधनी सिंह यादव, विशेष कार्याधिकारी नीलम श्रीवास्तव, अजीत कुमार और अधिशासी अभियंता एपीएन सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *