नवरात्र की तैयारी पूरी, सजे माता रानी के दरबार, खरीदारी के लिए दिन भर दुकानों पर रही भीड़

बरेली। मां भगवती की आराधना का महापर्व आज से शुरू हो रहे है। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से आरंभ होने वाले वासंतिक नवरात्र के साथ ही भारतीय नव वर्ष का शुभारंभ हो जाएगा। नवरात्र के पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की आराधना के लिए मंदिरों के कपाट भोर से ही दर्शन पूजन के लिए खुल जाएंगे। बुधवार को मंदिरों के साथ ही भक्तों ने घरों में भी तैयारी पूरी कर ली। दुकानों पर पूजन सामग्री के साथ मां के श्रृंगार की सामग्री और चुनरी आदि की खरीदारी के लिए दिन भर भीड़ दुकानों पर जुटी रही। मंदिरों को फूलों और रंगीन झालरों से सजाया गया। शहर के त्रिवटीनाथ मंदिर में नवनिर्मित नौदुर्गा मंदिर, कालीबाड़ी स्थित मां काली मंदिर, डीडीपुरम व साहूकारा स्थित नवदुर्गा शक्ति मंदिर, बदायूं रोड स्थित चौरासी घंटा मंदिर, नरियावल के शीतला माता मंदिर, नेकपुर के ललिता देवी मंदिर, मनोकामना वैष्णों देवी धाम मंदिर आदि माता के मंदिरों में विशेष तैयारी की गई। सुबह से ही शहर प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालु पहुंचने लगेंगे। माँदर कमेटी ने श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसकी व्यवस्था की है। नवरात्र के आते ही पूजन सामग्री की दुकानें भी सज गई। इस बार मां दुर्गा को जरी की चुनरी चढ़ाई जाएगी। दुकानों पर 50 से 1000 रुपये तक चुनरी मिल रही हैं। महंगाई की मार भी पूजन सामग्री पर पड़ी है। लौंग, कपूर, रोली से लेकर घी व अन्य पूजन सामग्री यहां तक की नारियल के दाम भी बढ़ गए है। नवरात्र से पहले बुधवार को फल, सब्जियों से लेकर खाने-पीने की चीजों के दाम में बढ़ोत्तरी देखने को मिली। शनिवार को कुतुबखाना बाजार में गुलाब 150 से 180 रुपये किलो तो गेंदा 100 से 120 रुपये किलो बिका। इसी तरह केला 50 से 60 रुपये दर्जन, अमरूद 60 से 70 रुपये किलो, अंगूर 130 से 150 रुपये किलो, संतरा 100 रुपये किलो, खरबूजा 80 रुपये किलो, अनार 180 रुपये किलो तक बिका। श्री रामायण मंदिर माधव बाड़ी में हिन्दू नव वर्ष के आगमन की पूर्व संध्या पर श्री हरिनाम संकीर्तन में अखिल भारतीय श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल के सदस्यों ने भजनों से मंत्रमुग्ध कर दिया। अनिल अरोड़ा आदि उपस्थित रहे। उधर, श्री बांके बिहारी मंदिर में श्री राधा रानी जी 56 भोग परिवार व श्री बांके बिहारी कल्याण समिति ने 56 भोग एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया। पंडित मुरली मनोहर शरण, जगदीश भाटिया, दिनेश तनेजा, दीपक भाटिया, अशोक गोयल, होशियार आदि उपस्थित रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *