रिठौरा, बरेली। होली के त्योहार को देखते हुए प्रशासन ने अवैध शराब बिक्री पर सख्ती शुरू कर दी है। नगर पंचायत रिठौरा और ग्राम पंचायत भंडसर मे एसडीएम सदर प्रमोद कुमार, क्षेत्राधिकारी नवाबगंज नीलेश मिश्र, थानाध्यक्ष प्रवीण सोलंकी, आबकारी निरीक्षक पुष्पेंद्र कुमार व चौकी प्रभारी वैभव गुप्ता भारी पुलिस बल के साथ औचक निरीक्षण पर पहुंचे। भंडसर गांव मे देसी शराब की दुकान पर 38 बीयर की पेटियां पकड़ी गई। बुधवार को देर शाम संयुक्त टीम ने कस्बा समेत आसपास के गांव मे शराब की दुकानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान थाना हाफिजगंज के भंडसर गांव में देसी शराब की ठेकेदार शशि देवी की दुकान पर 38 बीयर की पेटियां बरामद हुई। पता चला कि पेटियां पंजाबी मार्केट बरेली की किसी दुकान के नाम जारी की गई थी और खुलेआम भंडसर की दुकान पर बेची जा रही थी। आबकारी इंस्पेक्टर पुष्पेंद्र कुमार और चौकी इंचार्ज रिठौरा वैभव गुप्ता ने पेटियां को सील कर दुकानदारों के खिलाफ कार्यवाही शुरू कर दी थी। इसके अलावा टीम ने अन्य दुकानो की जांच की। अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया कि दुकानों में सीसीटीवी कैमरे सही ढंग से काम कर रहे हो और दुकानें तय समय पर खुलें व बंद हो। क्षेत्राधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि ओवररेटिंग, अवैध बिक्री या नाबालिगों को शराब बेचने जैसी शिकायतें मिली तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। आबकारी निरीक्षक पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि तय ब्रांड के स्थान पर बाहरी बीयर बेचना नियम विरुद्ध है। मामले में आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
