नवाबगंज, बरेली। जनपद के थाना नवाबगंज क्षेत्र मे संचालित एक निजी अस्पताल के संचालक पर युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगा है। मामले की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस आरोपी को अपने साथ थाने ले आई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। देर रात युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है। बताया जाता है कि फरीदपुर थाना क्षेत्र का एक युवक किराए के भवन मे अस्पताल संचालित करता है। करीब चार वर्ष पहले उसने बरेली के बीसलपुर चौराहे पर अस्पताल खोला था। इसी दौरान उसकी मुलाकात इज्जतनगर थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती से हुई। युवती का पहले विवाह शाहजहांपुर जिले के एक युवक से हुआ था लेकिन पारिवारिक विवाद के चलते दोनों का तलाक हो चुका था। युवती के अनुसार उसने नौकरी की तलाश मे अस्पताल संचालक से संपर्क किया। जिस पर युवक ने उसे अपने अस्पताल मे रिसेप्शनिस्ट की नौकरी दे दी। आरोप है कि इस दौरान युवक ने खुद को अविवाहित बताते हुए युवती को शादी का भरोसा दिलाया और उसके साथ संबंध बना लिए। बाद मे अस्पताल को दूसरी जगह स्थानांतरित करते हुए युवक ने पासपोर्ट कार्यालय के पास नया भवन लेकर अस्पताल चलाया। भवन टूटने के बाद कुछ माह पहले उसने नवाबगंज थाना क्षेत्र के बरखन गांव मे अस्पताल खोल लिया और युवती को वही काम पर रख लिया। सोमवार को युवती को जानकारी मिली कि आरोपी पहले से विवाहित है और एक बच्चे का पिता भी है। इस पर उसने विरोध करते हुए हंगामा कर दिया और डायल 112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को थाने ले आई। मामले की जानकारी मिलने पर विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष बाबूराम कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। कार्रवाई का आश्वासन दिया है।।
बरेली से कपिल यादव
