बरेली। सहारनपुर की टपरी डिस्टलरी से जुड़े सौ करोड़ रुपये की कर चोरी के मामले मे सहारनपुर पुलिस ने शुक्रवार को बरेली मे गैंगस्टर के आरोपी स्थानीय शराब कारोबारी भाइयों मनोज व नीरज जायसवाल की करीब 48.5 करोड़ रुपये की चार संपत्तियां कुर्क कर दी। गिरोह के सरगना प्रणय अनेजा समेत अन्य आरोपियों ने गिरफ्तारी पर स्टे ले रखा है। सहारनपुर मे देहात कोतवाली के गांव टपरी स्थित शराब फैक्ट्री कोऑपरेटिव कंपनी लिमिटेड में टैक्स चोरी पकड़े जाने के बाद एमडी व अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों सहित फैक्ट्री से जुड़े कुल 27 लोगों के खिलाफ सहारनपुर में गैंगस्टर की कार्रवाई की गई थी। शुक्रवार को गैंग के सदस्य नीरज जायसवाल की हरूनगला स्थित 1.80 करोड़ रुपये की 948 वर्गमीटर कृषि भूमि कुर्क की गई। मनोज जायसवाल का हरूनगला स्थित 29.10 लाख रुपये का 84.44 वर्गमीटर व 30 लाख कीमत का 86.95 वर्गमीटर का आवासीय प्लाट और पीलीभीत बाईपास स्थित 46.10 करोड़ रुपये का 3932.45 वर्गमीटर का व्यवसायिक भूखंड कुर्क किया गया है। इसके अलावा उनकी 42 हजार रुपये की एक स्कूटी और 2793 रुपये की बाइक भी कुर्क की गई। इस तरह दोनों भाइयों की कुल 48.5 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की गई है। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार विदित कुमार, इंस्पेक्टर बारादरी धनंजय पांडेय, इंस्पेक्टर इज्जतनगर बिजेंद्र सिंह समेत पुलिस एवं प्रशासन की टीम मौजूद रही। इस मामले में 27 लोगों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। इसमें गैंग लीडर मालवीयनगर दक्षिण दिल्ली निवासी एमडी प्रणय अनेजा, यूनिट हेड उपेंद्र गोविंद राव, बाटलिंग इंचार्ज हरिशरण तिवारी, बारकोड डिस्पैचर प्रदीप कुमार, कैमिस्ट अरविंद कुमार, क्वालिटी कंट्रोलर संजय कुमार शर्मा, एटीपी इंचार्ज मांगेराम त्यागी, ट्रांसपोर्टर जय भगवान शर्मा, ड्राइवर गुलशेर, अशोक कुमार कश्यप, कमल डेनियल, वीरेंद्र शंकर, सत्यवान शर्मा उर्फ सत्यभान, सीबीगंज निवासी अश्वनी कुमार उपाध्याय, संतलाल जायसवाल, ग्रीन पार्क निवास मनोज जायसवाल, उसका भाई नीरज जायसवाल, अशोक दीक्षित, रविंद्र किशोर, सहायक आबकारी आयुक्त जगराम पाल, तत्कालीन आबकारी निरीक्षक अरविंद कुमार वर्मा, राकेश कुमार चतुर्वेदी, टीएस सोमशेखर, कुलदीप सिंह और प्रदीप गुप्ता गैंग के सदस्य है। मनोज के बाद अजय की संपत्ति कुर्क करने की तैयारी : बरेली। टपरी डिस्टलरी कांड में मनोज और उसके भाई नीरज जायसवाल के साथ ही भमोरा क्षेत्र के बल्लिया निवासी अजय जायसवाल की संपत्तियां भी कुर्क की जाएंगी। डीएम सहारनपुर की ओर से जारी आदेश में अजय जायसवाल का नाम भी शामिल है। इन दिनों वह इज्जतनगर में बन्नूवालनगर कॉलोनी में रह रहा है। उसके खिलाफ भी इस प्रकरण में तीन मुकदमे दर्ज है।।
बरेली से कपिल यादव
