बरेली । रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर आज कंपोजिट विद्यालय जोगीठेर के परिसर में बच्चों और शिक्षकों ने मिलकर हर्षोल्लास के साथ होली का त्योहार मनाया। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगे गुलाल और खुशियों से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने होली के लोकप्रिय गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं और जमकर नृत्य किया। इसके बाद सभी बच्चों को मिठाइयां वितरित की गईं, जिसे पाकर उनके चेहरे खिल उठे। बच्चों ने आपस में गुलाल लगाकर होली खेली और अपने प्रिय शिक्षकों को भी रंग लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक लाल बहादुर गंगवार, तथा शिक्षिकाएं मीनू रस्तोगी, कृष्ण स्वामी अल्मा और सुनीता ने बच्चों एवं उपस्थित ग्रामीणों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों में आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करते हैं।
पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा। ग्रामीणों ने भी विद्यालय के इस आयोजन की सराहना की और इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरणादायक बताया।
