राजस्थान / बाड़मेर- गोल्डन सिटी टूरिज़्म कंफेडरेशन डेवलपमेंट सोसायटी द्वारा जैसलमेर से विभिन्न नगरों के लिए प्रतिदिन वायुसेवा जारी रखने हेतु नागरिक उड्डयन मन्त्री के नाम का ज्ञापन आज कलेक्ट्रेट परिसर में जिला कलक्टर के माध्यम से दिया।
जैसलमेर हवाई सेवाओं, रेलगाड़ियों और बसों से बेहतरीन आशा लेकर उनके आवागमन से सम्बन्धित व्हाट्सएप ग्रुप के प्रवक्ता राजेन्द्र अवस्थी ने बताया कि सोसायटी के प्रतिनिधिमंडल ने आज जिला कलक्टर के माध्यम से नागरिक उड्डयनमन्त्री के नाम दिए ज्ञापन में माँग की है कि जैसलमेर से अक्टूबर से मार्च के मध्य केवल पर्यटन सीजन में हवाई सेवाओं वाली कम्पनियाँ अपनी विमान सेवाएँ सुचारू रूप से चला रही है जबकि जैसलमेर से यात्री भार एवं अन्य आवश्यक सेवाओं को देखते हुए वायु सेवाओं को वर्षपर्यन्त चलाने की आवश्यकता होती है।
ज्ञापन में लिखा गया है कि इस वर्ष अक्टूबर से मार्च के मध्य संचालित वायुसेवाओं का उपयोग एक नया रिकार्ड बनाया गया। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष हवाई सेवाओं से आने जाने वाले यात्रियों की संख्या दुगुने से भी ज़्यादा रही और 1,65,000 यात्रियों ने हवाई वायुसेवाओं का उपयोग किया। इससे यह साबित होता है कि जैसलमेर से विभिन्न नगरों से कितनी बड़ी संख्या में यात्री वायुसेवा का उपयोग कर रहे हैं।
चूँकि जैसलमेर में केवल पर्यटन ही नहीं अपितु सरहदों पर विश्व विख्यात चमत्कारी माँ तनोट माता मन्दिर के भक्त, भारत पाकिस्तानी सेनाओं के दो बार छक्के छुड़ा देने वाले लोगेंवाला, सैन्य सेवाएँ, विभिन्न बहुराष्ट्रीय ऊर्जा कम्पनियों , तेल कम्पनियों के साथ ही औधोगिक घरानों के साथ ही प्रवासी एवं डेस्टिनेशन वेडिंग एवं होलीवुड , बोलिवुड सहित विभिन्न क्षेत्रीय फ़िल्मों की कम्पनियों का भी वर्ष पर्यन्त जैसलमेर आना जाना लगा रहता है। ऐसी स्थिति में यदि जैसलमेर से नियमित वायु सेवाएँ संचालित होती रहेगी तो सभी को इसका लाभ मिलेगा। प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष ऋषि तेजवानी, कोषाध्यक्ष महेश वासु , लक्ष्मीनारायण श्रीमाली , पर्यटन व्यवसायी नरेन्द्र व्यास , ज़ोरावर माली , विष्णुसिंह आदि सम्मिलित थे।
— राजस्थान से राजूचारण
