राजस्थान/बाड़मेर- जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने जिलेवासियों को होली के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की है कि होली का त्योहार सौहार्द, भाईचारे एवं शांति के साथ मनाएं तथा पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखें। जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने अपने संदेश में कहा कि होली प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता का प्रतीक पर्व है। इस अवसर पर रासायनिक रंगों के स्थान पर प्राकृतिक एवं सुरक्षित रंगों का उपयोग करें, ताकि स्वास्थ्य एवं पर्यावरण दोनों सुरक्षित रह सकें। उन्होंने नागरिकों से जल संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि होली खेलते समय पानी का मितव्ययता से प्रयोग करें।
उन्होंने अभिभावकों एवं युवाओं से विशेष रूप से आग्रह किया कि त्योहार के उल्लास में अनुशासन एवं मर्यादा बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि से दूर रहें। प्रशासन द्वारा त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे मिल-जुलकर प्रेम, सद्भाव और आपसी विश्वास के साथ रंगों का त्योहार मनाएं तथा जिले की समृद्ध परंपराओं को आगे बढ़ाएं।
— राजस्थान से राजूचारण
