बरेली। दस हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथों पकड़े गए खनन विभाग के लिपिक महमूद रजा खां की हालत नाजुक होने पर पुलिस कस्टडी मे एंबुलेंस से उसे कचहरी लाया गया। स्ट्रेचर की व्यवस्था न होने पर विशेष जज कमलेश्वर पांडेय ने एंबुलेंस मे जाकर रिमांड संबंधी न्यायिक कार्यवाही की। शिकायतकर्ता वेदप्रकाश की शिकायत पर गठित ट्रैप टीम ने खनन विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महमूद रजा को दस हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया था। सूत्रों के मुताबिक उसके घर मे जल्द ही वैवाहिक समारोह होना है। जिसके निमंत्रण बट चुके थे। बारातघर मे तैयारी जोरशोर से चल रही है। इसी दौरान रिश्वत लेते पकड़े जाने से उसकी तबियत अचानक खराब हो गई। ट्रैप टीम मंगलवार को एंबुलेंस से उसे लेकर जिला न्यायलय पहुंची। जहां स्ट्रेचर की व्यवस्था न होने पर विशेष जज कमलेश्वर पांडेय ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए एंबुलेंस मे पहुंचकर न्यायिक रिमांड संबंधी कार्रवाई की। इसके बाद पुलिस एंबुलेंस से उसे लेकर चली गई। रिश्वत लेते पकड़े गए आरोपी कर्मचारी महमूद रजा को कोर्ट मे पेश किए जाने से पहले जिला अस्पताल से लखनऊ के केजीएमसी रेफर कर दिया गया था। कोर्ट मे पेश करने के बाद पुलिस उसे लेकर जिला कारागार पहुंची तो कारागार प्रशासन ने लखनऊ रेफर होने की बात कहकर न्यायिक हिरासत मे लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसे लखनऊ भेज दिया गया।।
बरेली से कपिल यादव
