घरों मे पूजन कर कन्या जिमाई, मनाया श्रीराम जन्मोत्सव

बरेली देहात। चैत्र नवरात्र की नवमी पर जिले भर में श्रद्धा और भक्ति का संगम देखने को मिला। मंदिरों में भक्तों की भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने माता रानी की पूजा-अर्चना की और घरों में कन्याएं जिमाई। साथ ही श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया। मंदिरों में प्रभु श्रीराम और माता रानी के जयकारे गूंजते रहे। नवाबगंज : नवरात्र के आखिरी दिन घरों और मंदिरों में माता रानी का पूजन किया गया। घरों में कन्याओं को पूड़ी, चने और हलवे का प्रसाद खिलाया गया। कन्याओं को उपहार देकर उनसे आशीर्वाद लिया। काली मंदिर, दुर्गा मंदिर में विशेष रौनक देखने को मिली। भक्तों की भीड़ रही। रिठौरा : होली चौराहा मंदिर, प्राचीन शिव मंदिर, झलरापीपल मंदिर में श्री राम का जन्मोत्सव मनाया गया। जगह-जगह रामायण पाठ का आयोजन किया गया। वहीं, मां सिद्धिदात्री की पूजा कर हवन-पूजन किए गए। मुंडिया अहमदनगर में पूजा मिश्रा ने कन्याओं को खीर पूड़ी खिलाकर उन्हें स्कूल किट देकर बेटियों को शिक्षा दिलाने का संदेश दिया। फतेहगंज पश्चिमी : कस्बे मे रामनवमी पर लोगों ने भगवान राम की पूजा अर्चना की और घरों में हवन पूजन कर कन्याओं को भोज कराया। भक्तों ने प्राचीन मंदिरों पर प्रसाद चढ़ाया। वही कस्बे के भिटौरा मंदिर मे श्रीमद भागवत कथा के समापन पर भंडारा हुआ। कथा व्यास अवध किशोर त्रिपाठी ने गुरुवार शाम सुदामा चरित का वर्णन किया। शुक्रवार सुबह यज्ञ का आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने आहुतियां दी। हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। राजीव मिश्रा, संजय चौहान, ओमेंद्र सिंह चौहान, धीरज पांडेय, रंजीत सिंह आदि मौजूद रहे। मीरगंज: नवमी पर श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पूजा-अर्चना की।। सिरौली चौराहा स्थित दुर्गा मंदिर और गायत्री मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में भंडारों का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर समिति और ग्रामवासियों के संयुक्त प्रयासों से यह कार्यक्रम हुआ। देवरनियां: नवमी पर कोतवाली में शुक्रवार को कन्या पूजन कर उन्हें भोजन कराया गया। कोतवाली प्रभारी उप निरीक्षक आशुतोष द्विवेदी ने पहले पूजन किया और फिर कन्याओं को भोजन कराया। एसएसआई नवदीप सिंह, सभी दरोगा और पुलिस कर्मी मौजूद रहे। शेरगढ़ : क्षेत्र के ग्राम नगरिया कलां स्थित शिव मंदिर पर आयोजित 9 दिवसीय श्रीराम कथा को यज्ञ के साथ विश्राम दिया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां देकर मानव कल्याण की कामना की। शुक्रवार को कथा के नौवें दिन कथावाचक पंडित विशेष पाठक ने राजतिलक की कथा का प्रसंग सुनाया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *