बरेली। स्टेडियम रोड पर निकलना दुश्वार हो गया है। पिछले दो माह से सड़क पर कभी इधर कभी उधर खोदाई और एक तरफ का रोड बंद करने की अव्यवस्था से डॉक्टर, व्यापारी, आवासीय कालोनियों में रहने वालों के साथ हजारों राहगीर परेशान है। स्टेडियम रोड पर सेंट फ्रांसिस स्कूल वाली गली के सामने शनिवार दोपहर करीब दो बजे खोदाई कर ट्रैफिक बन-वे कर दिया। यहां पर चारों ओर से ट्रैफिक आता है इसलिए जाम की स्थिति वन गयी। स्कूलों की बसे, वैन सहित एंबुलेंस निकलने में भी दिक्कत हुई। दरोगा सहित कई पुलिस कर्मियों को जाम की स्थिति को सामान्य कराने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। सीएम ग्रिड का काम करने वाली कार्यदायी संस्था के कर्मचारी मनमानी तरह से कहीं भी खोदाई शुरू कर देते हैं। इसी कारण इस रोड पर जाम की स्थिति बन रही है। डेलापौर चौराहे से लेकर स्टेडियम तक दोनों तरफ रोड खोदी गयी। निर्माण कार्य हुए। नाला बनने के साथ सड़क भी डाली गई लेकिन कुछ हिस्से में सड़क अभी नहीं पड़ी है। कार्यदायी संस्था धीरे-धीरे कार्य करा रही है। बार-बार सड़क एक तरफ से बंद करने, खोदाई करने की वजह से इस रोड पर संचालित निजी अस्पतालों में पहुंचने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को भी दिक्कतें झेलनी पड़ रही है। कई छोटे बच्चों के स्कूल भी हैं। तेज हवा चलने पर सड़क पर धूल का गुवार उड़ता है। शनिवार को जाम की स्थिति बनने से लोग काफी परेशान रहे। वही होली त्योहार के मद्देनजर बाजार में खरीदारी करने वालों की भीड़ बढ़ गयी। इस वजह से व्यस्त रहने वाले चौराहों पर जाम के हालात बने रहे। रोडवेज बसों के निकलने के साथ कार, स्कूली वैन सहित ई-रिक्शाओं ने नावल्टी चौराहे पर जाम लगा दिया। काफी देर तक लोगों को जाम झेलना पड़ा। ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने किसी तरह वाहनों को पास कराया। यहां पर स्थिति दुरुस्त होने पर कुतुबखाना पुल के पास भी जाम की स्थिति बन गयी। कोहाड़ापीर से आने वाले वाहन, अंबेडकर पार्क से आने वाले और नावल्टी चौराहे से जाने वाले वाहनों की वजह से दिक्कत रही। यहां जगह कम होने से अक्सर जाम के हालात बनते है।।
बरेली से कपिल यादव
