बरेली। ऑनलाइन गेमिंग एवं बेटिंग साइट से जरिये कई प्रदेशों मे ठगी करने वाले गैंग का भंडाफोड़ होने के बाद इसका पाकिस्तानी कनेक्शन भी सामने आया है। पुलिस द्वारा पकड़े गए कॉल सेंटर से 10 हजार से ज्यादा मोबाइल नंबर का डेटा बरामद हुआ है। जिनमें कई नंबर पाकिस्तान के भी है। अब पुलिस इस मामले में और ज्यादा गहराई से जांच कर रही है। इज्जतनगर मे अहलादपुर निवास शिवम नवाबगंज के मोहल्ला आदर्शनगर निवासी सूर्यभान और भुता के गांव कमुआ निवासी निवासी विनीत आशुतोष सिटी मे किराये पर मकान लेकर कॉल सेंटर चला रहे थे। इस कॉल सेंटर के जरिये लोगों को कॉल करके वन एक्स बेट, एविएटर, फेयरप्ले जैसी 15-16 गेमिंग एवं बेटिंग साइट के जरिये लोगों से रकम लगवाकर ठगी को अंजाम दे रहे थे। प्रतिबिंब पोर्टल पर दर्ज हुई एक शिकायत से इनका कनेक्शन सामने आने के बाद सोमवार को साइबर क्राइम थाना पुलिस ने आशुतोष सिटी में दबिश देकर सूर्यभान और विनीत को गिरफ्तार कर लिया लेकिन गैंग का सरगना शिवम फरार हो गया। उनके कॉल सेंटर से पुलिस ने ठगी में प्रयुक्त तमाम उपकरण और 353 पेज मे लिखे मोबाइल नंबरों का डेटा बरामद किया। इन पेज में 10 हजार से ज्यादा मोबाइल नंबर है। जिनमें से कुछ पाकिस्तानी भी है। इसके चलते पुलिस ने जांच और तेज कर दी है। इस गैंग से इन पाकिस्तानी नंबरों के कनेक्शन की भी पड़ताल हो रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी शिवम ने इस धंधे से करोड़ों रुपये बनाए है और आशुतोष सिटी मे ही तीन मंजिल मकान बनाया है। आरोपी जिन वेबसाइट के जरिये ठगी को अंजाम दे रहे थे। वे सभी भारत मे प्रतिबंधित हैं। ऐसे में यह भी आशंका जताई जा रही है कि पाकिस्तान के सर्वर या वहां के मोबाइल नंबरों के जरिये इन वेबसाइट का संचालन किया जा रहा हो। साथ ही यह भी आशंका है कि यह गैंग पाकिस्तान मे भी लोगों से इसी तरह ठगी कर रहा हो। फिलहाल सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है। आरोपियों के कब्जे से बैंक खातों से संबंधित सात डिजिटल क्यूआर डिवाइस, एक क्यूआर कोड, सात चैकबुक, सात चैक, पांच पासबुक, सात सेविंग अकाउंट कॉम्बो किट और 13 डेबिट कार्ड बरामद हुए। ये सभी अलग-अलग व्यक्तियों के नाम पर लिए गए थे, जिनमें ठगी की रकम मंगाई जाती थी। अगर किसी खाते के खिलाफ शिकायत दर्ज होती थी तो वे उसे तत्काल बंद कर देते थे। ये खाते लोगों को उसमें आने वाली रकम का पांच प्रतिशत देने का झांसा देकर खुलवाए जाते थे।।
बरेली से कपिल यादव
