नवाबगंज, बरेली। बायपास हाईवे पर अग्निशमन केन्द्र के पास मंगलवार सुबह गरगड्या गांव के पास संकरी पुलिया पर आमने-सामने डीसीएम और कैंटर की टक्कर हो गई। इसमें दोनों वाहनों के चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। जिनमें डीसीएम चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। बिहार के मधुवनी जनपद निवासी सुनील कुमार अपने हेल्पर विनोद कुमार के साथ दिल्ली से सामान लादकर पीलीभीत की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनका वाहन गरगड्या गांव के पास संकरी पुलिया पर पहुंचा, सामने से आ रहे कैन्टर से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डीसीएम चालक सुनील कुमार के पैर स्टेयरिंग में बुरी तरह फंस गए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने हाईवे पर काम कर रही जेसीबी की मदद से डीसीएम का दरवाजा तोड़कर चालक को बाहर निकाला। काफी मशक्कत के बाद घायल को निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। कैन्टर चालक उमेश कुमार भी इस हादसे मे घायल हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। ट्रक की टक्कर से कार क्षतिग्रस्त: आंवला मे रेवती रेलवे फाटक के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से कार क्षतिग्रस्त हो गई। पीड़ित नीरज कुमार निवासी गुलाबवाड़ी, थाना कटघर (मुरादाबाद) ने पुलिस को दी तहरीर मे बताया कि वह मनौना धाम जा रहे थे। तभी तेज गति से आए ट्रक ने उनको कार के बाएं तरफ का शीशा तोड़ दिया। पीड़ित के अनुसार, ट्रक को रोकने का प्रयास करने पर चालक ने कार में पीछे से टक्कर मार दी। जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया हादसे में परिवार बाल-बाल बच गया, जबकि नीरज कुमार के दाहिने हाथ में चोट आई है। पीड़ित ने चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।।
बरेली से कपिल यादव
