आंवला, बरेली। बिजली निगम द्वारा चलाए जा रहे राजस्व वसूली और चेकिंग अभियान के दौरान शनिवार को ग्राम दरावनगर मे बिजली टीम पर उपभोक्ता ने हमला कर दिया। टीम ने लोगों पर दस्तावेज फाड़ने का भी आरोप लगाया है। मामले की पुलिस से शिकायत की गई है। शनिवार को बिजली निगम की टीम ग्राम दरावनगर में बकाया वसूली को चेकिंग कर रही थी। टीम जब उपभोक्ता के परिसर पर पहुंची तो उन पर 14 हजार छह सौ रुपये बकाया मिला। बकाया जमा न होने पर जब टीम ने केबल काटना शुरू किया तो उपभोक्ता आग बबूला हो गया। टीम से अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की। विरोध पर ईंट से टीम के सदस्यों पर हमला करने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने बीच-बचाव की कोशिश की। तभी आरोपी ने टीम के सदस्य से सरकारी दस्तावेज छीनकर फाड़ डाला। हंगामे के कारण सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई और राजस्व वसूली का काम प्रभावित हुआ। विद्युत निगम की टीम की सूचना पर पुलिस के मौके पर पहुंचते ही मामला शांत हो गया। चेकिंग टीम मे मनोज गिरी, डालचंद, राजेश कुमार, सुनील, जेई नीतीश कुमार और गौतम शामिल रहे। विभाग की ओर से उपभोक्ता के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी गई है।।
बरेली से कपिल यादव
