बरेली। शुक्रवार देर शाम को आई धूल भरी आंधी ने बिजली का फ्यूज उड़ा दिया। तेज आंधी के चलते ट्रांसमिशन से ही सभी 24 उपकेंद्रों की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई। इसके चलते जिले मे एक घंटे ब्लैक आउट रहा। ग्रामीण क्षेत्रों मे कई स्थानों पर तार टूटने से विद्युत आपूर्ति बाधित हुई। शहर के कई मोहल्लों में फाल्ट होने के कारण लोगों को बिना बिजली के रात गुजारनी पड़ी। ओपन एरिया में एलटी लाइन भी क्षतिग्रस्त होने की शिकायतें रहीं। आंधी के कारण शहर के सभी उपकेंद्र ठप होने से अफरा तफरी मच गई। करीब एक घंटे के बाद हवा धीमी होने पर उपकेंद्रों की आपूर्ति सामान्य हुई। शहर के सुभाषनगर, हरुनगला, राजेंद्रनगर, कैंट, महानगर, डेलापीर, डीडीपुरम उपकेंद्र की आपूर्ति देरी से बहाल हुई। आंधी थमी तो बिजली विभाग के स्टाफ ने धीरे-धीरे स्टेशनों से पोषक लाइन शुरू कराई। राजेंद्रनगर, कैंट, गांधीनगर, प्रेमनगर, भूड़, शाहदाना, जगतपुर, सुभाषनगर, मढ़ीनाथ, नेकपुर, सिविल लाइंस, किला, बड़ा बाजार, हरुनगला, सूफी टोला, कांकर टोला, बृजलोक कालोनी, प्रियदर्शनी नगर, पुरानी माचिस फैक्ट्री, गंगापुर, मॉडल टाउन, संजयनगर, दुर्गानगर, इज्जतनगर, नवादा शेखान, चकमहमूद, कटरा चांद खां, आजाद नगर, गौंटिया, बिहारीपुर, बमनपुरी, मलूकपुर, शिवाजी मार्ग, सिविल लाइंस, पुराना शहर समेत कई इलाकों से उपभोक्ता फोन कर बिजली आने की जानकारी की तो हेल्पडेस्क का फोन व्यस्त बताता रहा। वही ग्रामीण क्षेत्रों मे पेड़ गिरने, लाइन टूटने के चलते विद्युत आपूर्ति कई घंटे बाधित रही। करोड़ों रुपये से हुए काम नही झेल सके तेज हवा शहर मे निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए पूरी सर्दी बिजली कटौती की गई। अधिकारियों का कहना था गर्मियों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए करोड़ों रुपये से अलग-अलग योजनाओं से काम कराया जा रहा है। हालांकि शुक्रवार शाम को चली तेज हवा ने सभी किये गए काम व दावों की पोल खोल दी।।
बरेली से कपिल यादव
