अज्ञात हमलावरों ने चाकू से युवक का गला रेता, हालत गंभीर

बरेली। जनपद के थाना बारादरी क्षेत्र मे गुरुवार देर अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर हमला कर उसका गला चाकू से रेत दिया और उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में युवक को निजी अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कालीबाड़ी निवासी हर्ष पाल ने बताया कि उनका 24 वर्षीय साला अभिषेक राना गुरुवार रात होली मिलने के लिए गया था। रात करीब 09:30 बजे उन लोगों को सूचना मिली कि साहू गोपीनाथ कॉलेज के पास किसी ने अभिषेक से मारपीट कर गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया है। वे लोग मौके पर पहुंचे। इसी बीच बारादरी इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय भी वहां पहुंच गए। पुलिस तत्काल अभिषेक को जिला अस्पताल लेकर पहुंची लेकिन हालत गंभीर होने से हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी गई। इस पर पुलिस ने अभिषेक को गांधी उद्यान के पास निजी अस्पताल मे भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है। अभिषेक के परिजन का कहना है कि हमलावर उसे मृत जानकर छोड़ गए। उन्होंने अभी किसी पर शक नही जताया है। इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि युवक की गर्दन पर चाकू या ब्लेड जैसे किसी धारदार हथियार से प्रहार किया गया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *