बरेली। चैत्र नवरात्र के पंचम दिवस सोमवार को माता के पांचवें स्वरूप देवी स्कंदमाता की पूजा-अर्चना की गई। मंदिरों से लेकर घरों तक जयकारे गूंजे। श्रद्धालुओं ने माता को केले और दूध से बनी खीर का भोग अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। पंडित सुशील पाठक ने बताया कि धर्म शास्त्रों के अनुसार पंचम दिवस पर मां स्कंदमाता की पूजा विशेष फलदायी मानी जाती है। साहूकारा स्थित नवदुर्गा मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें दर्शन-पूजन के लिए लगी राहीं। श्रद्धालुओं ने माता स्कंदमाता का दुग्धाभिषेक कर खीर का भोग लगाया। वहीं बाबा धोपेश्वरनाथ स्थित वैष्णो देवी मंदिर में भी दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा और बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर में भवानी मंदिर में माता के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। वही कालीबाड़ी स्थित मां काली देवी मंदिर और सुभाष नगर स्थित चौरासी घंटा मंदिर में सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। मंदिरों में घंटे घड़ियाल और शंखध्वनि से वातावरण भक्तिमय बना रहा। महिलाओं ने विशेष रूप से अपने बच्चों के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य के लिए माता से प्रार्थना की। वही नवरात्र के अवसर पर सोमवार को श्री हरि मंदिर मे महिला मंडल ने माता रानी की श्री चरणों में हाजरी लगाई। अध्यक्ष रेनू छाबड़ा व उपाध्यक्ष कंचन अरोरा ज्योत प्रज्वलित कर संकीर्तन की शुरुआत की। संकीर्तन में माता के भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। अध्यक्ष ने बताया कि राम नवमी के पर्व पर मंदिर में विशाल भंडारा आयोजित किया जाता है। कार्यक्रम में नेहा आनंद, नीलम साहनी, नीलम लुनियाल विमल सीधी, ममता ओबेरॉय, मीरा कथूरिया आदि का सहयोग रहा। वही नवरात्र पर गुलमोहर पार्क मे महिलाएं रोजाना भजनों का आयोजन कर रही है। गुलमोहर पार्क रेजिडेंसी संगठन की सचिव नीलम रस्तोगी ने बताया कि सोमवार को देवी मां का भव्य कीर्तन रूबी सक्सेना के निवास पर धूमधाम से हुआ। दीपा गुप्ता, शिल्पी सिन्हा, कोमल भाटिया, पूनम, संगीता और नम्रता आदि ने सुंदर भजन गाकर सभी को भाव विभोर कर दिया।।
बरेली से कपिल यादव
