बरेली। संघ लोक सेवा आयोग की ओर से रविवार को जिले के 19 केंद्रों पर कंबाइंड डिफेस सर्विस (सीडीएस), नेशनल डिफेस अकादमी (एनडीए)-एनए की परीक्षा हुई। परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए गए। जिससे केंद्रों पर कॉल व इंटरनेट की सुविधा वाधित रही। परीक्षा के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। केंद्रों से बाहर आए अभ्यर्थियों ने बताया कि रीजनिंग के सवालों ने उन्हें खासा परेशान किया। शेष प्रश्न पत्र आसान था। सीडीएस की परीक्षा तीन पालियों में हुई। प्रथम पाली में अंग्रेजी की परीक्षा सुबह नौ से 11 बजे तक हुई। अभ्यर्थियों को कड़ी तलाशी के बाद परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। पहली पाली में 2308 अभ्यर्थियों में से 1425 उपस्थित रहे। द्वितीय पाली में सामान्य ज्ञान की परीक्षा दोपहर 12:30 से 2:50 बजे तक हुई। इसमें 2308 अभ्यर्थियों में से 1429 उपस्थित रहे। तीसरी शिफ्ट में प्रारंभिक गणित की परीक्षा शाम चार से छह बजे तक केवल तीन केंद्रों पर हुई। इसमें 1233 अभ्यर्थियों में से 730 शामिल हुए। एनडीए व एनए की परीक्षा दो शिफ्ट में कराई गई। प्रथम पाली में सुबह दस से 12:30 बजे तक 13 केंद्रों पर गणित की परीक्षा हुई। इसमें 5747 अभ्यर्थियों के मुकाबले 4166 उपस्थित रहे। दूसरी पाली में सामान्य योग्यता के पेपर में 4153 अभ्यर्थी शामिल हुए हैं। परीक्षा के दौरान बरेली कॉलेज, बिशप मंडल, कांति कपूर, जीआईसी, जीजीआईसी, साहू गोपीनाथ, एसवी, गुलाब राय आदि केंद्रों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती गई। जैमर के माध्यम से कॉल और इंटरनेट को बाधित किया गया।।
बरेली से कपिल यादव
