बरेली। डीजीपी की वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने सड़क हादसे बढ़ने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने आठ थाना प्रभारियों और थानों की क्रिटिकल कॉरिडोर (सीसी) टीम के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। इनमें से सात की विभागीय जांच शुरू की गई है और एक से स्पष्टीकरण मांगा गया है। सड़क हादसों मे कमी लाने के लिए जिले को जीरो फैटलिटी डिस्ट्रिक्ट में शामिल किया गया है। इसके तहत हर महीने हादसों की थानावार समीक्षा की जाती है। हादसे बढ़ने की पुष्टि होने पर देवरनियां, नवाबगंज, फतेहगंज पूर्वी, बहेड़ी, आंवला और इज्जतनगर के तत्कालीन थाना प्रभारी व सीसी टीमों की विभागीय जांच के निर्देश दिए गए है। कैंट मे सीसी टीम की कार्रवाई न्यूनतम पाए जाने पर इंस्पेक्टर व टीम की विभागीय जांच शुरू कराई गई है। कार्रवाई कम मिलने पर हाफिजगंज के थाना प्रभारी व टीम से स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसके अलावा अच्छे कार्य के लिए भोजीपुरा की दोनों सीसी टीमों को 25-25 हजार रुपये के पुरस्कार की भी घोषणा की गई है। हादसे में तीन या अधिक मौतों पर होगी कार्रवाई : हादसे में तीन या अधिक मौतें होने पर अब विशेष जांच कराई जाएगी, इसमें थाना प्रभारी और सीसी टीम की जिम्मेदारी तय होगी और उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हादसे कम करने के लिए यातायात नियमों के पालन और ओवरलोडिंग रोकने के निर्देश दिए। इसके लिए सभी थाना प्रभारियों को कार्रवाई के लिए लक्ष्य निर्धारित किए गए। उन्होंने एक्सीडेंट ऑडिट तथ्यात्मक और वास्तविक कारणों के साथ करने के निर्देश दिए। साथ ही पोर्टल पर भी फीडिंग करने को कहा।।
बरेली से कपिल यादव
