रामनवमी पर मंदिरों मे की पूजा-अर्चना, घर-घर जिमाई कन्याएं

बरेली। रामनवमी पर शहर मे श्रद्धा और आस्था का अभूतपूर्व दृश्य देखने को मिला। नौ दिनों तक चले चैत्र नवरात्र के समापन पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से हवन-पूजन कर कन्या भोज कराया। कन्याओं को जिमाकर लोगों ने व्रतों का पारायण किया। सुबह से ही घरों, मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों सहित हर जगह पर धार्मिक अनुष्ठानों की गूंज सुनाई दी। भक्तों ने कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनका पूजन किया। कन्याओं के चरण धोकर उन्हें चुनरी ओढ़ाई और पूड़ी, चना, हलवा आदि का प्रसाद खिलाया गया। कई स्थानों पर भव्य स्तर पर कन्या भोज आयोजित किया गया, जहां दर्जनों कन्याओं को आमंत्रित कर सम्मानपूर्वक भोजन कराया गया। मंदिरों के बाहर भी श्रद्धालुओं ने कन्याओं को भोज कराया। हवन-पूजन और कन्या भोज के बाद श्रद्धालुओं का रुख मंदिरों की ओर रहा। शहर के प्रमुख देवी मंदिरों नवदुर्गा मंदिर, भावनी मां मंदिर, कालीवाड़ी मंदिर, चौरासी घंटा मंदिर सहित मंदिरों में सुवह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारे लग गईं, जो शाम तक जारी रही। वही सायंकाल के समय मंदिरों में महिलाओं के द्वारा भजन-कीर्तन, दुर्गा सप्तशती पाठ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन से वातावरण भक्तिमय माहौल में बदल गया। कई मंदिरों में विशेष सजावट और आकर्षक फूलों की झांकियां भी बनाई गई। मंदिरों में भक्त जय माता दी के जयकारों के साथ दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और सफलता की कामना करते नजर आए। प्रशासन और मंदिर समितियों ने सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए। प्रमुख मंदिरों पर पुलिस बल तैनात रहा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *