रंजिश मे चली गोली से पड़ोसी महिला घायल, हालत गंभीर

बिथरी, बरेली। जनपद के थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र मे शादीशुदा युवती को भगा ले जाने की रंजिश मे एक युवक पर घात लगाकर हमला करने और तमंचे से फायर करने का मामला सामने आया है। इस दौरान हुई फायरिंग से पास खड़ी एक महिला सिर मे गोली लगने से गंभीर घायल हो गई। मामले मे थाना बिथरी चैनपुर में पिता-पुत्रों समेत तीन पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। थाना बिथरी चैनपुर के गांव पुरनापुर निवासी विनोद उर्फ बंटू ने पुलिस को बताया कि गांव के ही अमित व सुमित से उनकी पुरानी रंजिश चल रही है। इन लोगों ने शनिवार को उसकी मां शिव देवी के साथ घर में घुसकर मारपीट की थी। इस पर थाना बिथरी चैनपुर में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसी रंजिश के चलते रविवार सुबह करीब 8:45 बजे खेत से घर लौटने के दौरान सत्य प्रकाश के घर के सामने घात लगाए बैठे अमित, सुमित व उनके पिता निरंजन सिंह ने उन्हें पकड़ लिया। गाली-गलौज करते हुए आरोपियों ने उन्हें जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा। किसी तरह वह छूटकर भागे तो अमित ने उन पर तमंचे से फायर कर दिया। वह तो बच गए लेकिन गोली पास ही खड़ी 35 वर्षीय गीता नाम की महिला के सिर में जा लगी और वह घायल होकर गिर पड़ी। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। मारपीट में विनोद के कान व शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। परिवार वालों ने गीता को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्र और एएसपी हाईवे शिवम आशुतोष सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया और अस्पताल पहुंचकर पीड़ितों से बातचीत की। इस मामले में विनोद की तहरीर पर अमित, सुमित व उनके पिता निरंजन सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस के मुताबिक शनिवार को भी दोनों पक्षों में टकराव हुआ था। इस पर विनोद की मां शिव देवी ने थाना बिथरी में अमित, सुमित व उनके चचेरे भाई कुनाल पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि इन लोगों ने उनसे गालीगलौज किया और लाठी-डंडों से लैस होकर घर में घुसकर उन्हें बाहर खींच लाए। मारपीट कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। वहीं दूसरे पक्ष से कुनाल की मां रेखा रानी ने विनोद, उसके भाई पुष्पेंद्र और पिता शेरसिंह पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। रेखा का आरोप है कि पुष्पेंद्र करीब आठ महीने पहले उनकी बेटी को बहलाकर ले गया था। तब से ही दोनों पक्षों में रंजिश है। इसके चलते ही शनिवार को जब वह घर में अकेली थी तो आरोपी घर में घुस आए। उन्हें घर से बाहर घसीट ले गए और लाठी-डंडों से मारपीट की। पुलिस के मुताबिक विनोद का भाई पुष्पेंद्र करीब आठ महीने पहले आरोपियों के परिवार की एक शादीशुदा युवती को भगाकर ले गया था। पुलिस ने युवती को बरामद किया लेकिन उसने पुष्पेंद्र के पक्ष में बयान दिए। विनोद का भाई पुष्पेंद्र भी शादीशुदा है। बताया जा रहा है कि पुष्पेंद्र और उस युवती के बीच अब भी नजदीकियां हैं, जिसके चलते दोनों पक्षों में रंजिश चल रही है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *