फतेहगंज पूर्वी, फरीदपुर, बरेली। जनपद के कस्बा फतेहगंज पूर्वी मे टेंपो से जा रहे परिवार की महिलाओं को दबंगों ने जबरन रंग लगाया और विरोध पर उनसे छेड़छाड़ कर परिवार के लोगों को बेहरमी से पीटा। इस दौरान टेंपो मे तोड़फोड़, महिलाओं से लूटपाट और फायरिंग का भी आरोप लगाते हुए तहरीर दी गई है। फतेहगंज पूर्वी के एक गांव का परिवार होली की खरीदारी कर टेंपो से घर लौट रहा था। रात करीब आठ बजे टेंपो गांव मे पहुंचा तो वहां डीजे पर कुछ युवक नशे की हालत मे डांस कर रहे थे। उन्होंने टेंपो रोक लिया और महिलाओं को जबरन रंग लगाने लगे। परिवार के युवक ने विरोध किया तो आरोपियों ने सबको टेंपो से बाहर खींच लिया। आरोप है कि सभी से मारपीट कर महिलाओं से छेड़छाड़ की गई। इसी बीच युवक ने परिवार वालों को फोन कर दिया तो वे लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पीड़ित परिवार को बचाया और आरोपियों को पकड़ने की कोशिश करने लगे तो उन्होंने छत पर चढ़कर फायरिंग और पथराव कर दिया। आरोप है कि इस दौरान टेंपो मे भी तोड़फोड़ की गई और महिलाओं के चेन व कुंडल लूट लिए गए। परिवार के सदस्यों ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। मारपीट मे एक महिला समेत कुछ लोग घायल हुए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी वहां से भाग निकले। पीड़ित परिवार ने 14 लोगों को नामजद करते हुए 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी। फतेहगंज पूर्वी इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।।
बरेली से कपिल यादव
