बरेली। जनपद के थाना सुभाषनगर पुलिस और एसओजी ने मंगलवार तड़के मुठभेड़ के दौरान महिलाओं से लूट व छिनैती करने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दोनों पैरों मे गोली लगी है। आरोपी का एक साथी अभी फरार है। जिसकी तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। सुभाषनगर इंस्पेक्टर सतीश कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब चार बजे मुखबिर से सूचना मिली कि पराग फैक्ट्री के सामने स्कूटी सवार महिलाओं से मोबाइल और पर्स छीनने की घटना मे शामिल एक बदमाश करगैना चौकी क्षेत्र मे वारदात की फिराक मे घूम रहा है। इस पर करगैना चौकी इंचार्ज राजेंद्र सिंह सिरोही और एसओजी प्रभारी सुनील शर्मा की टीम ने इटौआ मोड़ पर घेराबंदी की तो बाइक सवार बदमाश फायरिंग कर भागने लगा। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। जिसमें उसके दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान शाही के गांव सुकली निवासी संजय उर्फ संजू उर्फ रघु के रूप मे हुई। उसके कब्जे से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा, बिना नंबर प्लेट की बाइक, छिनैती की घटनाओं से संबंधित मोबाइल, नकदी और आधार कार्ड बरामद किए है। पूछताछ मे संजय ने बताया कि इन दिनों वह उत्तराखंड मे रुद्रपुर के थाना ट्रांजिट कैंप के मोहल्ला बजरंग विहार मे रहता था। यहां उसने फतेहगंज पश्चिमी के मोहल्ला अंसारी निवासी अमित यादव के साथ नौ मार्च को इज्जतनगर क्षेत्र मे नैनीताल रोड रेलवे मार्केट के पास महिला का हैंडबैग, 12 मार्च को कैंट क्षेत्र के बुखारा मोड़ पर महिला का पर्स और 13 मार्च को सुभाषनगर क्षेत्र मे पराग फैक्ट्री के पास महिलाओं से मोबाइल और वॉलेट छीना था। वारदात के बाद वह उत्तराखंड भाग जाता था। पुलिस ने संजय को जेल भेज दिया और अमित की तलाश जारी है। यूपी और उत्तराखंड के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ लूट, जानलेवा हमला व छिनैती समेत 21 मुकदमे दर्ज है।।
बरेली से कपिल यादव
