आंवला, बरेली। देश व प्रदेश मे भाजपा सरकार है उसके बाद भी हर तरफ अराजकता का माहौल है। किसान महंगाई के कारण बेरोजगार नौकरी के लिए सड़क पर आंदोलन कर रहा है और सरकार दिन प्रति दिन भ्रष्टाचार में लिप्त होती जा रही है। भाजपा सरकार जनता को राहत देने के लिए मंहगाई और बेरोजगारी की समस्या के निस्तारण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। यह बात समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कही। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में बरेली की सभी सीटों पर जीत हासिल करने के साथ प्रदेश मे सपा का परचम लहराएगा और अखिलेश यादव के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत में सरकार बनेगी। मंगलवार को सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने आंवला मे अशोकनगर कॉलोनी मे हेरिटेज स्कूल का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से त्रस्त है। भ्रष्टाचार, मंहगाई और अफसरों की मनमानी से परेशान जनता अब बदलाव चाहती है। अगले विधानसभा चुनाव में चौंकाने वाले परिणाम आएंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। संचालन स्कूल के निदेशक अरविंद यादव ने किया। विशिष्ठ अतिथि पूर्व विधायक पंडित आरके शर्मा रहे। भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरों ने कई सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की जेब साफ कर दी। जिसको लेकर चर्चा बनी रही। इस दौरान पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव, सहसवान विधायक बृजेश यादव, शुभलेश यादव, अमित राज सिंह, विजेंद्र सिंह यादव, मशकूर खान, भूपेंद्र सिंह, पीयूष लोधी, सत्येंद्र यादव, संगीता पाल, सुनीता पाल, बीडी बर्मा, डा. इंद्रपाल सिंह, मनोज यादव, हिमांशु, ज्ञानदीप, विजय सिंह, भूपराम मौर्य आदि तमाम नेता रहे। शिवपाल सिंह को पहनाए चांदी के मुकुट: शिवपाल सिंह यादव के आगमन पर दो स्थानों पर चांदी का मुकुट पहनाकर उनका स्वागत किया गया। पुरैना गायत्री शक्तिपीठ वाली गली मे राकेश गौड़ व राजेश गौड़ ने अपने घर पर और स्कूल के उद्घाटन समारोह मे पूर्व ब्लाक प्रमुख बिजेंद्र सिंह यादव और निदेशक अरविन्द यादव व पूर्व विधायक पंडित आरके शर्मा ने उन्हें चांदी का मुकुट पहनाया।।
बरेली से कपिल यादव
