बरेली। गैस एजेंसियों पर दबाव कम होने का नाम नही ले रहा। जरूरतमंद की लगातार दस्तक चल रही। किसी को शिकायत है कि उसकी रीफिल गायब हो गई। वहीं कुछ यह शिकायत कर रहे हैं कि एजेंसी पर ई-केवाईसी और फोन नंबर सही करने की प्रक्रिया के लिए परेशान किया जा रहा है। गैस एजेंसी संचालक दावा कर रहे हैं कि वैध कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नही हो रही है। बुकिंग के दो दिनों के अंदर घर पर गैस डिलीवरी पहुंचाई जा रही हैं। वही उपभोक्ता इस दावे को नकार रहे है। सिंधु नगर स्थित राज गैस सर्विस पर लाइन में लगी अनिशा ने बताया कि बुकिंग ऑनलाइन बड़ी मुश्किल हुई, लेकिन चार दिन बाद भी सिलेंडर की डिलीवरी नही हुई। मजबूरन लाइन में लगना पड़ा। वही जिला पूर्ति अधिकारी मनीष सिंह ने बताया कि नियमित रूप से आपूर्ति हो रही है। इसके लिए कंपनियों के बॉटलिंग प्लांट रविवार को भी खोले गए। तमाम एजेंसियों ने छुट्टी के दिन सोमवार को खोलकर वितरण किया। उनके अनुसार बीती अवधि में आपूर्ति लगातार रहने से एजेंसियों पर बैकलॉग भी कम हो रहा है। उन्होंने बताया कि लगातार बुकिंग के साथ ही वितरण कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस समय आपूर्ति का ग्राफ बुकिंग से भी ज्यादा है। सभी गैस एजेंसियों को जल्द आपूर्ति कराकर बैकलॉग समाप्त करने को भी कहा गया है। जिला पूर्ति विभाग कार्यालय में खोले गए कंट्रोल रूम पर बुकिंग के बाद भी कई दिन तक डिलीवरी नहीं होने की शिकायत पहुंच रही है। उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग में भी दिक्कत होने और केवाईसी के लिए चक्कर कटवाने जैसे शिकायत कर रहे हैं। डीएसओ मनीष सिंह का कहना है कि कंट्रोल रूम में पहुंच रही शिकायतों का त्वरित निस्तारण कराया जा रहा है। तीन घंटे तक लाइन मे लगकर भी नही मिला सिलेंडर : गैस एजेंसियों और गोदामों पर मंगलवार को भी लंबी लाइन लगी रही। प्रेमनगर में धर्मकांटा स्थित इंडेन गैस सर्विस व सिंधु नगर स्थित राज भारत गैस सर्विस में उपभोक्ताओं की एजेंसी कर्मियों से जमकर नोकझोंक हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि तीन घंटे लाइन में लगने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिला। कंट्रोल रूम में उपभोक्ता डिलीवरी में देरी होने और बुकिंग में परेशानी की शिकायत कर रहे है।।
बरेली से कपिल यादव
