बालोतरा जिले में गैस सिलेंडर कालाबाज़ारी करने वालों के ख़िलाफ़ होगी सख्त कार्यवाही : सुशील कुमार यादव

राजस्थान/बाड़मेर- बालोतरा जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ पुलिस अधीक्षक रमेश तथा जिला रसद अधिकारी हजारीलाल आलोरिया भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने गगराना इंडेन गैस एजेंसी तथा मधुबनी एचपी गैस एजेंसी का दौरा कर गैस सिलेंडरों के भंडारण, वितरण व्यवस्था, सुरक्षा मानकों एवं उपभोक्ताओं को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने एजेंसी संचालकों से गैस सिलेंडरों की उपलब्धता, बुकिंग व्यवस्था तथा उपभोक्ताओं को समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की।

जिला कलक्टर यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से बनाए रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाए। उन्होंने एजेंसी संचालकों को उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने और पारदर्शी व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने गैस गोदामों में सुरक्षा मानकों का भी निरीक्षण किया तथा अग्नि सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता की जांच की। साथ ही गैस सिलेंडरों के सुरक्षित भंडारण एवं परिवहन के नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर यादव ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता के अनुसार ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करें। प्रशासन की ओर से गैस आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *