बच्चा चोरी की आरोपी को भेजा जेल, तीन बच्चे बेचने की पुष्टि

फरीदपुर, बरेली। जनपद कुशीनगर मे थाना पड़रौना के गांव विडियारी पिपरा बाजार मे रहने वाली बच्चा चोर रंजना उर्फ बिंदा को फरीदपुर पुलिस ने सोमवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस दौरान गिरोह मे शामिल उसके गांव की एक अन्य महिला का नाम भी सामने आया है। जिसे रंजना ने खनी नवादा निवासी गुड्डू के तीन बच्चे सौंपे थे। अब पुलिस उसकी साथी और गुड्डू के तीन बच्चों की तलाश कर रही है। साथ ही मुकदमे में मानव तस्करी की धारा बढ़ा दी गई है। आपको बता दें कि जिला हरदोई के थाना देहात क्षेत्र के गांव मिरगवां की सुनभला कुमारी के साथ 17 मार्च को बस मे सफर के दौरान रंजना ने दोस्ती की और उसे फरीदपुर मे उतार लिया। सुनभला को बातों मे फंसाकर 20 मार्च को रंजना उसके नौ महीने के बेटे अरुण को लेकर फरार हो गई। रविवार को पुलिस ने रंजना को गिरफ्तार किया तो उसके पास से दो बच्चे बरामद हुए। एक बच्चा सुनभला का था और दूसरा साढ़े तीन साल का बच्चा उसने अपने चौथे पति मेरठ मे शरूरपुर के गांव हसनपुर रजापुर निवासी सुरेंद्र का बताया। सोमवार को सुरेंद्र भी थाना फरीदपुर पहुंचे और बच्चे की शिनाख्त कर अपने साथ ले गए। इस दौरान सामने आया कि यह बच्चा सुरेंद्र की पहली पत्नी का था। जिसे रंजना कुछ दिन पूर्व चुराकर ले आई थी। यह भी सामने आया कि रंजना ने करीब 18 साल पहले फतेहगंज पूर्वी के गांव खनी नवादा निवासी गुड्डू से शादी की थी। जिससे वह तीन बार गर्भवती हुई। तीनों बार बच्चा होने से पहले वह मायके चली गई और फिर बिना बच्चे के वापस आई। करीब नौ महीने पहले रंजना ने चौथी शादी मेरठ के सुरेंद्र से की तो गुड्डू अपने बच्चों को लाने का दबाव बनाने लगा। इस पर उसने सुनभला और सुरेंद्र के दो बच्चे चोरी करके गुड्डू को लाकर दिए लेकिन उसने बच्चों को अपना मानने से इनकार कर दिया। इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि संजना की तलाश मे एक टीम कुशीनगर भेजी जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *