आंवला, बरेली। आंवला रोड पर सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब वसुंधरा इंटर कॉलेज के सामने स्थित नाले में एक भ्रूण पड़ा मिला। सूचना फैलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। थाना प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि पुलिस ने भ्रूण को अपने कब्जे में ले लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि भ्रूण को वहां किसने फेंका था। घटनास्थल से मात्र 50 मीटर की दूरी पर एक निजी नर्सिंग होम संचालित है, जिसके चलते स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। बजरंग दल छात्र इकाई के जिला अध्यक्ष पवन शर्मा का आरोप है कि सिरौली और आसपास के क्षेत्रों में सैकड़ों निजी नर्सिंग होम स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की कथित सरपरस्ती में बिना किसी मानक के चल रहे हैं। इन अवैध अस्पतालों में धड़ल्ले से बड़े ऑपरेशन किए जा रहे हैं, जबकि इनके पास पर्याप्त संसाधन तक नही है। जनता ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और उन सभी अवैध नर्सिंग होम को सील किया जाए जो भ्रष्टाचार की आड़ में मौत का व्यापार कर रहे है। पवन शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि इन अवैध नर्सिंग होम का नेटवर्क इतना मजबूत है कि कुछ आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता चंद रुपयों के लालच में गर्भवती को सरकारी अस्पताल ले जाने के बजाय निजी सेंटरों पर ले जाती है। जो नर्सिंग होम ज्यादा कमीशन देता है, उसकी झूठी तारीफ कर जच्चा-बच्चा की जिंदगी दांव पर लगा दी जाती है।।
बरेली से कपिल यादव
