नवरात्र: देवी मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब, शैलपुत्री का किया पूजन

बरेली। चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन गुरुवार को शहर के प्रमुख देवी मंदिरों मे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। तड़के मंदिरों के पट खुलते ही देवी दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की लंबी कतारें लग गई। श्रद्धालुओं ने मां शैलपुत्री का पूजन किया। माता रानी के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठे। पूरे शहर में भक्ति व उत्साह का माहौल देखने को मिला। साहूकारा स्थित नवदुर्गा देवी मंदिर, बदायूं रोड स्थित चौरासी घंटा मंदिर, त्रिवटीनाथ मंदिर परिसर में नव निर्मित भवानी माता मंदिर, राजेंद्र नगर स्थित श्री हरमिलाप शिव शक्ति मंदिर और सुभाष नगर स्थित श्री हरे राम नवदुर्गा मंदिर सहित शहर के विभिन्न देवी मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। मंदिरों में माता के दर्शनों के लिए व्यवस्थाएं की गई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सुवह से श्रद्धालु परिवार सहित मंदिरों में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते नजर आए। कई श्रद्धालुओं ने घरों में घट स्थापना कर नौ दिन तक व्रत रखने का संकल्प लिया। मंदिरों में सुबह और शाम विशेष आरती का आयोजन हुआ। महिलाओं ने भजन-कीर्तन किया। मंदिरों के बाहर पूजन सामग्री की दुकाने सजी रही। उधर, सुभाष नगर स्थित अवधपुरी कॉलोनी के श्री हरे राम नव दुर्गा मंदिर मे पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। पूजा मे संस्थाध्यक्ष डॉ. जितेंद्र कुमार शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। सायंकाल में अंकित माहेश्वरी के नेतृत्व मे श्रीराम चरित मानस के संगीतमय नवान्ह पाठ का शुभारंभ हुआ। संस्थाध्यक्ष ने वताया कि यह पाठ श्रीराम नवमी तक प्रतिदिन आयोजित होगा। हिंदू नववर्ष धूमधाम से मनाया गया: श्री सनातन धर्म मंदिर पंजावी कॉलोनी मॉडल टाउन मे नव संवत धूमधाम से मनाया गया। मंदिर में मां भगवती की अखंड ज्योति प्रज्वलित की गई। श्री रामचरितमानस का नवाग्रहण पाठ आरंभ हुआ। जिसका समापन रामनवमी के दिन होगा। मंदिर कमेटी ने श्री सनातन व्रत्त उत्सव पुस्तिका का लोकार्पण वन मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना से कराया। डॉ. केएम अरोरा, तिलक राज दुसेजा, मनमोहन सभरवाल, जनक राज, संजीव मुखर्जी, जयदीप चंदन, सतीश लुनियाल, संजीव मानिकतला, हरीश सेठी आदि उपस्थित रहे। महामंत्री संजीव चांदना ने बताया कि प्रतिदिन शाम को 7 बजे माता की चौकी में महिला मंडल भजन-कीर्तन करेगा। चौरासी घंटा मंदिर: निरंतर जल रही ज्योति: बदायूं रोड स्थित चौरासी घंटा मंदिर श्रद्धालुओं के बीच आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां चैत्र नवरात्र पर तमाम धार्मिक आयोजन होते हैं। मंदिर में सुबह 5 से रात 10 बजे तक देवी दर्शन के लिए पट खुले रहते हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं यहां आते हैं। इस मंदिर की स्थापना वर्ष 1969 में पंडित उमाशंकर गर्ग ने की थी। मंदिर से जुडी मान्यता के अनुसार उन्होंने घर बनाने के लिए जमीन खरीदी थी, लेकिन उनकी पत्नी को स्वप्न में माता ने दर्शन देकर पहले मंदिर निर्माण का आदेश दिया। उन्होंने घर से पहले मंदिर का निर्माण कराया। स्थापना के पहले ही दिन मंदिर में 84 घंटे (घंटियां) चढ़ाए गए, जिससे इसका नाम चौरासी घंटा मंदिर पड़ा। अब तक यहां 2.03.784 घंटे चढ़ाए जा चुके है। मंदिर मे 12 अक्टूबर 2007 से माता की अखंड ज्योति निरंतर प्रज्ज्वलित है जो श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का प्रतीक है। वर्तमान मे मंदिर के मुख्य सेवादार रविद्र मोहन गर्ग हैं। नवरात्र के दौरान प्रतिदिन विशेष अनुष्ठान, पूजन और आरती का आयोजन किया जाता है। सुबह 10 और शाम 5 बजे मुख्य आरत्ती होती है, जबकि दोपहर 2 से 5 बजे तक महिलाए भजन-कीर्तन करती है। नवरात्र के चलते मंदिर परिसर को सजाया गया है। ट्यूलिप ग्रांड मंदिर में धर्म ध्वजा की स्थापना: नवसंवत्सर पर ट्यूलिप ग्रांड मंदिर में धर्म ध्वजा स्थापना, संकीर्तन और भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा की स्थापना की गई।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *